गर्मी के मौसम में त्वचा की देखभाल के लिए फेस मिस्ट, टोनर और सनस्क्रीन जैसे प्रोडक्ट्स को सबसे अच्छा माना जाता है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि कई प्राकृतिक विकल्प जैसे गुलाब जल और खीले का रस भी आपकी त्वचा का वफादार साथी बन सकता है?
लेकिन असली अग्निपरीक्षा तो तब होती है जब गर्मी में आसानी से उपलब्ध दोनों विकल्पों - गुलाब जल और खीरे के रस में से किसी एक को चुनना हो। आप किसे चुनेंगी?
दोनों ही गर्मी के मौसम में त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद हैं। लेकिन आपके लिए या आपकी त्वचा पर कब कौन बेहतर तरीके से काम करेगा यह जानना जरूरी है।
Read Also | गर्मी में विटामिन C का कमाल : स्वाद के साथ-साथ त्वचा के लिए भी फायदेमंद
क्यों लगाते हैं गुलाब जल?
गुलाब जल त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करता है। यह एक प्राकृतिक टोनर की तरह काम करता है। इससे त्वचा न तो बहुत ऑयली होती है और न ही बहुत ड्राई। नियमित रूप से गुलाब जल लगाने से त्वचा का pH संतुलन भी बना रहता है और त्वचा टाइट और स्वस्थ दिखती है।
इसके अलावा, गुलाब जल त्वचा की सूजन (इंफ्लेमेशन) को कम करने में भी मदद करता है और त्वचा को गर्मी से होने वाली जलन में राहत देता है।
कितना फायदेमंद है खीरे का रस?
गर्मियों में खीरे का रस त्वचा को राहत देता है। इसमें मौजूद कूलिंग एजेंट त्वचा को तुरंत तरोताजा कर देते हैं। यह जलन को कम करके त्वचा को ठंडक प्रदान करता है और त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करता है।
इसके अलावा खीरे में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा की सूजन को कम करने में सहायक हैं। यह प्राकृतिक तत्व संवेदनशील या ड्राई, किसी भी प्रकार की त्वचा पर बिना किसी परेशानी के इस्तेमाल किया जा सकता है।
Read Also | गर्मियों में पुदीना देगा ठंडक और निखार, जानिए Shahnaz Husain के खास ब्यूटी टिप्स
खीरा या गुलाब जल? किसे करें इस्तेमाल?
खीरा और गुलाब जल दोनों ही त्वचा के लिए फायदेमंद हैं, बस इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है। अगर धूप से त्वचा जल गई हो तो घर लौटकर तुरंत खीरे का रस लगा सकते हैं। इससे जलन, खुजली या इरिटेशन नहीं बढ़ता है और तुरंत राहत मिलती है।
त्वचा की रोजमर्रा की देखभाल के लिए गुलाब जल को शामिल कर सकती हैं। इसे बतौर टोनर इस्तेमाल कर सकती हैं। यह त्वचा को साफ और स्वस्थ रखने में मदद करता है। हालांकि यह तुरंत जलन से राहत नहीं देता।
अगर आप चाहें तो दोनों का इस्तेमाल भी साथ में कर सकती हैं क्योंकि दोनों ही अलग-अलग तरह से त्वचा के लिए उपयोगी हैं।