वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका में भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक जशनप्रीत सिंह को अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और मशीन गन रखने के गंभीर मामले में 5 साल 4 महीने की सजा सुनाई गई है। कैलिफोर्निया के लोदी शहर के निवासी जशनप्रीत सिंह को अमेरिकी जिला न्यायाधीश डेल ड्रोज्ड ने सोमवार को यह सजा दी। अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, जशनप्रीत सिंह ‘पंजाबी डेविल्स मोटरसाइकिल क्लब’ का संस्थापक था, जिसे एक अवैध बाइक गैंग के रूप में संचालित किया जा रहा था। यह गैंग कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में सक्रिय था और इसका संबंध वैश्विक अवैध मोटरसाइकिल संगठन ‘हेल्स एंजेल्स’ से भी जोड़ा गया है। जांच में सामने आया है कि पिछले वर्ष जून में जशनप्रीत सिंह ने एक अंडरकवर अधिकारी को कई प्रकार के घातक हथियार बेचने की कोशिश की थी। इन हथियारों में एक शॉर्ट बैरल राइफल, तीन असॉल्ट हथियार, तीन मशीन गन कन्वर्जन डिवाइस और एक रिवॉल्वर शामिल थे।
शुरुआत में इस मामले में उसके खिलाफ सैन जोआक्विन काउंटी में राज्य स्तरीय आरोप दर्ज किए गए थे। हालांकि जुलाई 2025 में वह अदालत में पेश नहीं हुआ जिसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया।
इसके बाद अमेरिकी संघीय एजेंसियों ने कार्रवाई तेज की। जुलाई 2025 में ही एफबीआई को यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन से सूचना मिली कि जशनप्रीत सिंह भारत भागने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, उसने 26 जुलाई 2025 को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने की टिकट भी बुक कर ली थी। अधिकारियों ने उसे उसी दिन हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लिया, इससे पहले कि वह देश छोड़ पाता। फिलहाल जशनप्रीत सिंह अमेरिकी संघीय हिरासत में है और अपनी सजा की अवधि जेल में पूरी करेगा।