कैदियों द्वारा मोबाइल फोन इस्तेमाल करने का आरोप सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रेसीडेंसी जेल के अधीक्षक सहित दो अधिकारियों को निलंबित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिलजला की घटना में भी उनकी सरकार ने एक पुलिस अधिकारी को निलंबित किया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आगे से यदि किसी भी अधिकारी द्वारा अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरती जाती है तो इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार की दोपहर को नवान्न में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रेसीडेंसी जेल में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां तक कि स्मार्टफोन का भी उपयोग किया जा रहा है।
Read Also | धार्मिक स्थलों पर नियमानुसार बजेगा लाउडस्पीकर, सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि को बंद करने का निर्देश
उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें जेल प्रशासन का एक हिस्सा भी शामिल है और पिछली सरकार का भी इसमें समर्थन हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी मिलने के बाद डीजी करेक्शनल होम्स को इस मामले से अवगत कराया गया था। जांच में पाया गया कि यह घटना सही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रेसीडेंसी जेल से पहले ही कई मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के अपराधी जेल के अंदर से अपना नेटवर्क चला रहे हैं। हमारा मानना है कि यह एक दिन में नहीं हुआ है। वर्षों से नीचे से ऊपर तक एक पूरा नेटवर्क बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जेल प्रबंधनों को भी सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अपराधियों की इस तरह मदद नहीं की जा सकती। आज से यह सब बंद होना चाहिए। दमदम सेंट्रल जेल से लेकर बहरमपुर जेल तक कई जगहों पर इस तरह की शिकायतें मिली हैं।