🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

5 बार टालने के बाद आखिरकार बिना नोटिस ही ED ऑफिस पहुंचे रथीन घोष

रथिन घोष ने इस बारे में ईडी को पहले से कोई सूचना नहीं दी थी और अचानक ऑफिस में उपस्थित हुए।

By Elina Dutta, Moumita Bhattacharya

May 15, 2026 14:48 IST

नगरपालिका में नियुक्ति में घोटाले के मामले में कम से कम 5 बार समन भेजे जाने के बावजूद अलग-अलग बहाने बनाकर बचते रहे। लेकिन शुक्रवार की सुबह अचानक बिना किसी नोटिस के पूर्व खाद्य मंत्री रथीन घोष सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी के ऑफिस में उपस्थित हो गए।

दमदम नगरपालिका में नियुक्ति में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में ईडी के जांच अधिकारी उनसे पूछताछ करना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में इससे पहले पूर्व दमकल मंत्री सुजीत बसु को ईडी ने गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह लगभग 10.30 बजे रथीन घोष ईडी ऑफिस पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने इस बारे में ईडी को पहले से कोई सूचना नहीं दी थी और अचानक ऑफिस में उपस्थित हुए। ईडी ऑफिस के अंदर जाते समय मध्यमग्राम के विधायक ने कहा कि मुझे क्यों बुलाया गया है, यह मुझे नहीं पता। मैं यही जानने आया हूं। बाकी जानकारी तो अंदर जाने पर पता चलेगा।

नगरपालिका नियुक्ति घोटाले की जांच के तहत पिछले कुछ महीनों में एन्फोर्समेंट डिरेक्टोरेट (ईडी) ने रथीन घोष को कई बार समन भेजा था। हालांकि वे कभी चुनाव प्रचार में व्यस्तता तो कभी शारीरिक अस्वस्थता का हवाला देकर पेशी से बचते रहे। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें फिर से समन जारी किया गया।

Read Also | उच्च माध्यमिक में राज्य का टॉपर बना आदृत पाल, CM शुभेंदु अधिकारी ने खुद किया Video Call, जानिए क्या कहा?

ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह जांच नगरपालिकाओं में नियुक्ति के दौरान वित्तीय अनियमितताओं और अवैध लेनदेन के आरोपों को लेकर चल रही है। इस मामले में पहले ही राज्य के एक अन्य पूर्व मंत्री सुजीत बसु से पूछताछ की जा चुकी है। जांचकर्ताओं का मानना है कि नियुक्ति प्रक्रिया में प्रभावशाली व्यक्तियों की संलिप्तता हो सकती है।

गौरतलब है कि अक्तूबर 2023 इसी मामले में रथीन घोष से ईडी ने लंबी पूछताछ की थी। उस समय उनके घर पर भी तलाशी अभियान चलाया गया था। बाद में उन्हें फिर से नोटिस भेजा गया, लेकिन वे पेश नहीं हुए। हाल ही में विधानसभा चुनाव में मध्यमग्राम सीट से जीत हासिल करने के बाद उन्हें एक बार फिर समन भेजा गया है।

बता दें, दमदम नगरपालिका में कथित रूप से अवैध तरीके से रुपए लेकर नौकरी बेचने के आरोप सामने आए हैं। इसी आरोप में पूर्व दमकल मंत्री सुजीत बसु को गिरफ्तार किया गया है। दमदम की तरह ही अन्य नगरपालिकाओं में भी नौकरी बेचने के आरोप लगे हैं।

इस मामले में रथीन घोष और सुजीत बसु को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की संभावना भी जतायी जा रही है। हालांकि उनके अचानक ईडी ऑफिस पहुंचने को लेकर राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जांच में नए तथ्य सामने आ सकते हैं।


Articles you may like: