🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

उच्च माध्यमिक में राज्य का टॉपर बना आदृत पाल, CM शुभेंदु अधिकारी ने खुद किया Video Call, जानिए क्या कहा?

उच्च माध्यमिक की परीक्षा में पहला स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आदृत पाल को न सिर्फ बधाई दी बल्कि उन्होंने उससे वीडियो कॉल पर बात भी की।

By Moumita Bhattacharya

May 14, 2026 18:16 IST

पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक की परीक्षा में राज्य भर में पहला स्थान आदृत पाल को मिला है। आदृत नरेंद्रपुर रामकृष्ण मिशन का छात्र है। उसे 496 अंक मिले हैं। वह मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर का रहने वाला है।

उच्च माध्यमिक की परीक्षा में पहला स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आदृत पाल को न सिर्फ बधाई दी बल्कि उन्होंने उससे वीडियो कॉल पर बात भी की। मुख्यमंत्री ने आदृत के माता-पिता से भी वीडियो कॉल पर बात की।

बता दें, आदृत पाल ने माध्यमिक की परीक्षा में भी राज्य में 11वां स्थान प्राप्त कर अपने परिवार और स्कूल को गौरवान्वित किया था। इस बार एक कदम आगे बढ़ते हुए उसने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया।

Read Also | उच्च माध्यमिक परीक्षा परिणाम घोषित, बंगाल बोर्ड रिजल्ट में बेटियां चमकीं, 91.23 फीसदी छात्र हुए सफल

मुख्यमंत्री ने आदृत पाल से क्या कहा?

आदृत से बात करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूरा राज्य उसकी इस सफलता के लिए गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सचिवालय में बुलाकर उसे सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने आदृत पाल से कहा कि राज्य में सबसे अधिक अंक तुम्हें मिला है। और बड़े बनो। पूरे पश्चिम बंगाल को आप पर गर्व है। मैं कुछ दिनों के अंदर ही आप लोगों को सचिवालय में बुलाऊंगा। आप लोगों को सम्मानित करूंगा।

इसके बाद आदृत के माता-पिता से भी शुभेंदु अधिकारी ने बात की। उन्होंने कहा कि आदृत और बड़ा बने, समाज के लोगों के लिए, लोगों के लिए काम करें।

माध्यमिक की परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक रिजल्ट नहीं होने की वजह से आदृत पाल ने उच्च माध्यमिक के लिए ज्यादा तैयारियां की थी। हालांकि वह घड़ी देखकर पढ़ने में यकीन नहीं करता है। रामकृष्ण मिशन नरेंद्रपुर के हॉस्टल में रहकर वहां के नियमों का पालन करते हुए ही उसने अपनी पढ़ाई, खेलकूद के साथ-साथ खुद को जीवन की लड़ाई के लिए तैयार भी किया।

बचपन से ही आसमान में टिमटिमाते लाखों तारों में दिलचस्पी रखने वाला आदृत भविष्य में ज्योतिर्विद्या में शोध करना चाहता है। उसने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने परिवार और स्कूल के शिक्षकों को दिया है।

खाना-पीना आदृत को बेहद पसंद है। खासतौर पर मां के हाथ का बना व्यंजन आदृत का सबसे फेवरेट है। बता दें, इस साल उच्च माध्यमिक की परीक्षा में रामकृष्ण मिशन नरेंद्रपुर का रिजल्ट बेहद शानदार हुआ है, जिससे स्वाभाविक तौर पर सभी छात्र और शिक्षक बेहद खुश हैं।

Articles you may like: