फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर - द रिवेंज' की छप्पर फाड़ सफलता के बाद फैंस बेसब्री से इस बात का इंतजार कर रहे थे कि आखिर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की अगली फिल्म कौन सी होने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि रणवीर सिंह की अगली फिल्म एक माइथोलॉजिकल फिक्शन होने वाली है।
अब तक आपको पता चल ही गया होगा कि रणवीर सिंह लेखक अमीश त्रिपाठी के उपन्यास 'The Immortals of Meluha' (मेलुहा के मृत्युंजय) में भगवान शिव का किरदार निभाने वाले हैं। खबरें यह भी आ रही हैं कि रणवीर सिंह ने इस सीरिज के तीनों उपन्यासों जिसे 'शिवा ट्रिलॉजी' के नाम से जाना जाता है, के अधिकार भी खरीद लिए हैं।
पर क्या आप जानते हैं रणवीर सिंह ने 'शिवा ट्रिलॉजी' के अधिकार खरीदने के लिए कितनी कीमत चुकायी है?
Read Also | एक बड़े ट्विस्ट के साथ जल्द बड़े पर्दे पर आएगी 'धुरंधर 3', जानिए कब देगी सिनेमाघरों में दस्तक?
PinkVilla की मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने 'शिवा ट्रिलॉजी' के लिए करीब ₹40 करोड़ की भारी-भरकम कीमत चुकायी है।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अमीश त्रिपाठी की 'शिवा ट्रिलॉजी' को रणवीर सिंह अपने प्रोडक्शन हाउस, मां कसम फिल्म के बैनर तले बनाने वाले हैं। इन फिल्मों को बनाने के लिए रणवीर सिंह ने बिड़ला स्टूडियोज के साथ पार्टनरशिप की है ताकि इसे शानदार तरीके से पर्दे पर उतारा जा सकें।
सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 'शिवा ट्रिलॉजी' के पहले उपन्यास The Immortals of Meluha को फिल्म स्क्रिप्ट में ढालने का काम शुरू हो चुका है। बताया जाता है कि फिल्म के स्क्रिनप्ले को लिखने में टीम कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रही है। इस सीरिज का पहला पार्ट साल 2028 में शूटिंग फ्लोर पर जा सकता है।
फिल्म के बारे में अभी तक सिर्फ इतना ही दावा किया जा रहा है कि रणवीर सिंह इसमें भगवान शिव का किरदार निभाएंगे। हालांकि अभी तक बाकी किरदारों के लिए एक्टर्स फाइनल होना बाकी है। बताया जाता है कि एक बार स्क्रिप्ट तैयार हो जाती है उसके बाद ही निर्देशक के नाम पर भी मुहर लग जाएगी।