हॉलीवुड और अमेरिकी टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेत्री जेनिफर हार्मन का निधन हो गया है। वह 82 वर्ष की थीं। जेनिफर ने एनबीसी के चर्चित शो ‘हाउ टू सर्वाइव अ मैरिज’ और लोकप्रिय सोप ओपेरा ‘वन लाइफ टू लिव’ से खास पहचान बनाई थी।
परिवार ने बताया कि जेनिफर हार्मन ने 9 मई को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के बाद मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ के अनुसार उन्होंने टीवी और थिएटर की दुनिया में कई दशक तक काम किया।
जेनिफर हार्मन ‘वन लाइफ टू लिव’ में कैथी का किरदार निभाने वाली पांचवीं अभिनेत्री थीं। इससे पहले यह भूमिका कैथरीन बर्न्स, एमी लेविट, जेन एलिस ब्रैंडन और डॉरी कैवनॉ निभा चुकी थीं। जेनिफर ने 1976 से 1978 तक इस शो में काम किया। उनके अभिनय के लिए उन्हें डे टाइम एमी अवॉर्ड के लिए नामांकित भी किया गया था।
दिलचस्प बात यह रही कि यह रोल पहले अभिनेत्री रॉबिन स्ट्रासर को ऑफर हुआ था। हालांकि उन्होंने इसे ठुकराकर डोरियन लॉर्ड का किरदार चुना।
जेनिफर हार्मन ने वर्ष 1965 में ब्रॉडवे डेब्यू किया था। उन्होंने मॉस हार्ट और जॉर्ज एस. कॉफमैन के नाटक ‘यू कांट टेक इट विद यू’ से शुरुआत की। इसके बाद वह ‘द चेरी ऑर्चर्ड’ और ‘द वाइल्ड डक’ जैसे मशहूर नाटकों में नजर आईं।
उनका ब्रॉडवे करियर काफी लंबा और सफल रहा। उन्होंने ‘द स्कूल फॉर स्कैंडल’, ‘ब्लाइथ स्पिरिट’, ‘द सिस्टर्स रोसेन्सवाइग’, ‘द लिटिल फॉक्सेस’, ‘द डीप ब्लू सी’, ‘एमीज़ व्यू’, ‘द डिनर पार्टी’, ‘द ग्लास मेनाजरी’, ‘सीस्केप’, ‘बेयरफुट इन द पार्क’ और ‘अदर डेजर्ट सिटीज’ जैसे कई चर्चित नाटकों में काम किया।
3 दिसंबर 1943 को पासाडेना में जन्मीं जेनिफर हार्मन की परवरिश न्यू ऑरलियन्स में हुई। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिसिसिपी और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन में पढ़ाई की। बाद में वह न्यूयॉर्क पहुंचीं और एपीए-फीनिक्स रेपर्टरी कंपनी से जुड़ गईं। इसी कंपनी ने उन्हें ब्रॉडवे तक पहुंचाया।
उन्होंने टीवी करियर की शुरुआत 1974-75 के एनबीसी शो ‘हाउ टू सर्वाइव अ मैरिज’ से की थी। इसमें उन्होंने क्रिस नाम की महिला का किरदार निभाया। शो में उनके किरदार की जिंदगी तलाक, दोबारा शादी और शराब की लत जैसी मुश्किलों से गुजरती है।
1990 के दशक में जेनिफर ने ‘वन लाइफ टू लिव’ में वापसी की। इस बार उन्होंने एरिका स्लेज़ाक के किरदार विकी लॉर्ड की वकील की भूमिका निभाई। इससे पहले कैथी के किरदार में वह विकी के बच्चे के अपहरण से जुड़ी कहानी का हिस्सा रह चुकी थीं। जेनिफर हार्मन ‘अनदर वर्ल्ड’, ‘गाइडिंग लाइट’ और ‘लविंग’ जैसे कई लोकप्रिय सोप ओपेरा में भी दिखाई दीं। उनके निधन से अमेरिकी टीवी और थिएटर इंडस्ट्री ने एक अनुभवी अभिनेत्री को खो दिया है।