कांग्रेस नेता और पहलवान विनेश फोगाट के आरोपों पर उत्तर प्रदेश स्थित कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह की प्रतिक्रया सामने आई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह जब पहलवान विनेश फोगाट के आरोपों पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ये जो रायता फैलाकर गईं हैं देवी जो हम उसकी निपट रहे हैं कोर्ट में।
पूर्व BJP सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि कुश्ती का मैच कहाँ होगा या नहीं होगा, यह मेरे सरोकार का मामला नहीं है। यह विषय अभी भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अधिकार क्षेत्र में आता है। यह उन्हें तय करना है कि मैच कहाँ होंगे, कहाँ नहीं, कौन मुकाबला करेगा और कौन नहीं। हालाँकि, चूँकि मैं भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष रह चुका हूँ, इसलिए अपने अनुभव के आधार पर मैं यह कहता हूँ कि WFI कभी भी किसी एथलीट को मुकाबला करने से नहीं रोकता। ऐसा इसलिए है क्योंकि WFI का अस्तित्व पूरी तरह से एथलीटों के लिए ही है। अगर सचमुच किसी को मुकाबला करने से रोका गया था, तो ऐसा करने का कारण जरूर बताया गया होगा।
बता दें कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व BJP सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ मामले में SIT के सदस्य का बयान दर्ज किया है। कोर्ट ने जांच अधिकारी (IO) का बयान दर्ज करने के लिए इस मामले को 15 और 19 मई के लिए सूचीबद्ध किया है।
विनेश फोगाट ने क्या कहा था ?
बता दें कि भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिता से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है और लगातार विवादों में उलझाया जा रहा है ताकि वह खुद ही कुश्ती से दूरी बना लें। विनेश ने कहा कि मैंने उनसे साफ कहा कि सीधे-सीधे बोल दो कि आप मुझे मुकाबला नहीं करने देना चाहते। आप चाहते हैं कि मैं इन सब चीज़ों से थक जाऊं और आखिरकार कह दूं कि मैं कुश्ती से संन्यास लेना चाहती हूँ।