आज मंगलवार को IPL 2026 का 56वां मैच गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच है। ये अंक तालिका के लिहाज से महत्वपूर्ण मैच है, जीतने वाली टीम नंबर-1 पोजीशन पर आ जाएगी। SRH के बल्लेबाजों की आज परीक्षा होगी, क्योंकि उनके सामने मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा होंगे जो अपनी रफ्तार से कहर मचा रहे हैं। जानिए आज के मैच में पिच से बल्लेबाज या गेंदबाज में किसे अधिक फायदा मिलेगा ?
गुजरात टाइटंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। अभी तक इस वेन्यू पर IPL 2026 में 5 मैच खेले गए हैं, सभी शाम को हुए हैं। पहले मैच में यहां दोनों टीम ने 200 से अधिक रन बनाए थे, लेकिन उसके बाद खेले गए 4 मैचों में कोई भी टीम 200 से अधिक का स्कोर नहीं बना पाई है।
GT vs SRH मैच की पिच रिपोर्ट
आज गुजरात बनाम हैदराबाद मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा, ये वही है जहां मुंबई के खिलाफ मैच हुआ था। इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने ने नाबाद 101 रन बनाए थे, जिसकी मदद से मुंबई 199 तक पहुंची थी लेकिन गुजरात की पूरी टीम 100 रनों पर ढेर हो गई थी। इस पिच पर उछाल ज्यादा नहीं मिलेगा, अगर गेंदबाज लाइन पर रखे तो बल्लेबाजों को मुश्किल होगी और विकेट गिर सकते हैं, लेकिन गेंदबाज रफ्तार या बाउंस से बल्लेबाज को परेशान नहीं कर पाएंगे।
यहां स्पिनर्स का रोल महत्वपूर्ण होगा, उन्हें पिच से अधिक मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में गुजरात के राशिद खान आज स्टार खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
कैसा रहेगा मौसम
आज अहमदाबाद में मौसम मैच के अनुकूल है, बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि पहली पारी के शुरूआती 10 ओवरों में मौसम थोड़ा गरम रहेगा, जो बल्लेबाजों को परेशान कर सकता है। हवाएं 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना जताई गई है। 8 बजे के बाद तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का IPL रिकॉर्ड
आज गुजरात टाइटंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबला इस वेन्यू पर होने वाला IPL का 50वां मैच है. इससे पहले खेले गए यहां 49 मैचों में 24 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली और 25 बार दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। यहां टीम का सर्वाधिक टोटल 243 का है, जो पंजाब ने पिछले साल बनाया था। हाईएस्ट रन चेज 204 का है, जो गुजरात ने 2025 में दिल्ली के खिलाफ किया था। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहली पारी का एवरेज स्कोर 177 रन है।