🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फर्श की लकड़ी हटाते ही सामने आया 'गुप्त सुरंग', प्रभावशाली TMC नेता के घर पहुंची पुलिस रह गयी भौंचक्की

वोट के बाद हुई हिंसा और बमबाजी की घटना में आरोपी शमीम अहमद उर्फ बड़े के घर पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।

By Ayantika Saha, Moumita Bhattacharya

May 12, 2026 15:10 IST

एक जर्जर बिल्डिंग। जिस घर के अंदर मौजूद है एक ‘गुप्त सुरंग’! सुरंग का दरवाजा खोलते ही अंदर महंगे फर्नीचर से लेकर आलीशान सामान तक। कुछ ऐसे ही अजीबोगरीब अनुभव से पुलिस भी हैरान हो गयी है। यह मामला पश्चिम बंगाल के हावड़ा के शिवपुर स्थित चौड़ाबस्ती इलाके का है।

वोट के बाद हुई हिंसा और बमबाजी की घटना में आरोपी शमीम अहमद उर्फ बड़े के घर पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।

इलाके में वह एक प्रभावशाली तृणमूल नेता के तौर पर जाना जाता है। कई लोग उसे ‘डॉन’ भी कहते हैं। उसकी पत्नी शमीमा बानो इलाके की पूर्व पार्षद रह चुकी हैं। अदालत के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने उसके घर में छापेमारी की जहां इस ‘गुप्त सुरंग’ का पता चला।

Read Also | शुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल का बंटवारा शुरू, दिलीप घोष और अग्निमित्रा पॉल को मिला कौन सा विभाग?

इस बाबत पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घर के पहले तल का फर्श लकड़ी का बना हुआ है। इसी वजह से पुलिस को शक हुआ। जब फर्श की लकड़ी हटाई गई तो पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं। नीचे जाने के लिए एक सीढ़ी दिखाई दी।


TMC नेता के फ्लैट का बाहरी हिस्सा Ei Samay

सीढ़ियों से नीचे उतरते ही एक बड़ा बेसमेंट मिला जहां महंगे फर्नीचर, महंगे फ्रिज, सोफा और कई लग्जरी सामान रखे हुए थे। वहीं से पूरे घर के सीसीटीवी कैमरों को भी नियंत्रित किया जाता था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वहां एक गुप्त सुरंग भी मौजूद थी। इस घर के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। हालांकि उन वीडियो की सत्यता की पुष्टि ‘समाचार एई समय’ ने नहीं की है।

Read Also | चंद्रनाथ हत्याकांड में बड़ा क्लू, जानिए टोल प्लाजा पर हुई एक गलती ने कैसे खोला राज?

गत 8 मई को शिवपुर के चौड़ाबस्ती इलाके में बमबाजी और गोलीबारी की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। भाजपा का आरोप था कि इलाके पर कब्जा जमाने और दहशत फैलाने के लिए तृणमूल समर्थित बदमाशों ने यह हमला किया। खासतौर पर अल्पसंख्यक बीजेपी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर हमला किए जाने का आरोप लगाया गया। मामले की जांच के दौरान अदालत के आदेश पर पुलिस ने शमीम अहमद के घर पर छापेमारी की।

फ्लैट का बेसमेंट Ei Samay

शमीम को राज्य के एक पूर्व मंत्री का करीबी बताया जाता है। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल फोन जब्त किया है। फिलहाल घर को सील कर दिया गया है। हालांकि वहां से कोई विस्फोटक या हथियार बरामद नहीं हुआ है।

हालांकि पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि वायरल फुटेज असली हो सकते हैं लेकिन इस घर में एक और गुप्त सुरंग होने का दावा गलत है। फिलहाल शमीम और उसके परिवार के सदस्य फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चला रही है।

साथ ही, गुप्त तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Articles you may like: