पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल की पहली बैठक नवान्न में सोमवार (11 मई 2026) को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस बैठक में राज्य के हित में कई फैसले लिए गए जिसमें आयुष्मान भारत योजना को लागू करना भी शामिल है। केंद्र सरकार की यह योजना अब तक पश्चिम बंगाल में लागू नहीं थी।
इस योजना को 1 जून से लागू करने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की पहली बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की पूरी सूची जारी की। इसी पोस्ट को रि-पोस्ट करते हुए आज (मंगलवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संदेश लिखा है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है कि डबल इंजन की सरकार महत्वपूर्ण केंद्रीय परियोजनाओं को बिना किसी रुकावट के लागू होने को निश्चित करेगी। गौर करने वाली बात है कि प्रधानमंत्री का यह पोस्ट अंग्रेजी के साथ-साथ बांग्ला भाषा में भी किया गया है।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पोस्ट को रि-पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है, "पश्चिम बंगाल के मेरे भाई-बहनों का कल्याण ही सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।" उन्होंने आगे लिखा कि मैं बहुत खुश हूं कि राज्य के लोगों को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा 'आयुष्मान भारत' का लाभ उठाने का मौका मिलेगा।
जो उन्नत गुणवत्ता और सुलभ स्वास्थ्य सेवा को सुनिश्चित करता है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, "इसके साथ ही डबल इंजन की सरकार महत्वपूर्ण केंद्रीय परियोजनाओं को बिना किसी रुकावट के लागू होना निश्चित करेगी।"
The welfare of my sisters and brothers of West Bengal is supreme!
— Narendra Modi (@narendramodi) May 12, 2026
I’m very happy that the people of the state will have access to Ayushman Bharat, the world’s largest healthcare scheme that ensures top-quality and affordable healthcare. At the same time, the double-engine… https://t.co/TS70LvkjoM
गौरतलब है कि सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में 6 महत्वपूर्ण फैसले लिए जिसमें राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के साथ ही जून से महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा, अन्नपूर्णा भंडार परियोजना लागू करना, सीमा पर कांटेतार की बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को भूमि हस्तांतरित करना आदि शामिल हैं।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य प्रशासन के अधिकारियों से सिर्फ जी-हुजूरी नहीं बल्कि अपना दिमाग लगाकर और बेझिझक राज्य के निवासियों की हित में काम करने का निर्देश दिया है।