नयी दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टिम डेविड को रविवार, 10 मई को रायपुर में RCB vs MI के बीच खेले गए मुकाबले में जीत के जश्न के दौरान मिडिल फिंगर दिखाना भारी पड़ गया है। डेविड को लीग की आचार संहिता के आर्टिकल 2.6 का दोषी पाया गया है, जो अपमानजनक इशारा करने से सम्बंधित है। BCCI ने सजा के तौर पर डेविड की 30 प्रतिशत मैच फीस काट ली है और उनके खाते में दो डिमेरिट पॉइंट्स जोड़े हैं।
मिडिल फिंगर दिखाकर बुरी तरह फंसे टिम डेविड
30 वर्षीय टिम डेविड ने ये शर्मनाक हरकत मुंबई इंडियंस की हार के तुरंत बाद की थी, जब वो डगआउट में आरसीबी के बाकी प्लेयर्स के साथ बैठे हुए थे। टीम को अंतिम गेंद पर जीत के लिए दो रनों की जरूरत थी, जो रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार ने दौड़कर बना लिए। इस रोमांचक जीत के बाद आरसीबी के सभी प्लेयर्स जश्न मना रहे थे। इसी बीच डेविड अपनी कुर्सी से उठे और उन्होंने दोनों हाथों की मिडिल फिंगर दिखाते हुए जीत को सेलिब्रेट किया। उनके इस भद्दे सेलिब्रेशन को देखकर ऐसा लगा था कि जैसे वो मुंबई की टीम को चिढ़ा रहे थे। उनकी इस हरकत के वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। मामले को तूल पकड़ता देख BCCI को डेविड के खिलाफ एक्शन लेना पड़ा है।
वहीं, इस मुकाबले में डेविड के प्रदर्शन की बात करें तो वो काफी निराशाजनक रहा। डेविड टीम की जीत में 1 रन का भी योगदान नहीं दे पाए, क्योंकि वो गोल्डन डक पर आउट हुए थे। शायद डेविड को इस बात से भी मुंबई से नाराजगी थी।
मुंबई को हराकर RCB को मिला बड़ा फायदा
मुंबई इंडियंस को दो विकेटों से रौंदने के बाद आरसीबी को पॉइंट्स टेबल में तगड़ा फ़ायदा मिला। अब रजत पाटीदार की अगुआई वाली आरसीबी के 14 अंक हो गए हैं और उसने SRH को पछाड़कर टॉप पोजीशन पर कब्जा जमा लिया है। RCB को अब प्लेऑफ में एंट्री पाने के लिए दो और अंक चाहिए। बेंगलुरु को अभी लीग स्टेज में 3 मैच और खेलने हैं।