कैनबरा : ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के आगामी दौरे के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इन दोनों दौरों में कुल 9 व्हाइट-बॉल मुकाबले खेले जाएंगे और 24 खिलाड़ियों को स्क्वाड में शामिल किया गया है। इसी बीच 2026 के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाले 7 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। पाकिस्तान दौरा 30 मई से शुरू होगा जबकि बांग्लादेश दौरा 9 जून से शुरू होगा। इन दोनों सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने कुछ नए खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया है।
आईपीएल खिलाड़ियों को लेकर बड़ा फैसला
2026 आईपीएल में खेलने वाले 7 ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को लेकर अहम निर्णय लिया गया है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को इन दोनों दौरों की टीम में शामिल नहीं किया गया है। वहीं इसी टीम के ट्रैविस हेड पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाएंगे लेकिन बांग्लादेश दौरे में टीम से जुड़ेंगे। दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जोश हेजलवुड दोनों ही पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों सीरीज से बाहर रहेंगे।
हालांकि पंजाब किंग्स के जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली और बेन ड्वार्शुइस बांग्लादेश दौरे में टीम के साथ जुड़ेंगे।
पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे की टीम
पाकिस्तान दौरे में ऑस्ट्रेलिया तीन वनडे मैच खेलेगी-30 मई, 2 जून और 4 जून को। ये मैच रावलपिंडी और लाहौर में होंगे। इस सीरीज में कप्तान की भूमिका मिचेल मार्श निभाएंगे।
पाकिस्तान दौरे की टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), अलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुनहेमन, मार्नस लाबुशेन, राइली मेरिडिथ, ओली पीक, मैट रेनशॉ, तनवीर संघा, लियम स्कॉट, मैथ्यू शॉर्ट, बिली स्टैनलेक, एडम जाम्पा।
बांग्लादेश दौरे में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। वनडे मैच 9, 11 और 14 जून को ढाका में होंगे जबकि टी20 मुकाबले 17, 19 और 21 जून को चट्टोग्राम में खेले जाएंगे।
बांग्लादेश वनडे टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), अलेक्स कैरी, जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुनहेमन, मार्नस लाबुशेन, मैट रेनशॉ, तनवीर संघा, लियम स्कॉट, एडम जाम्पा।
बांग्लादेश टी20 टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), टिम डेविड, जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, जोएल डेविस, एरन हार्डी, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुनहेमन, राइली मेरिडिथ, जोश फिलिप, मैट रेनशॉ, एडम जाम्पा।
चयनकर्ता का बयान
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए चुनी गई टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। उन्होंने कहा कि नए खिलाड़ियों को मौका मिलना हमेशा अच्छा होता है। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संयोजन टीम को और मजबूत करेगा। उन्होंने आगे कहा कि विभिन्न परिस्थितियों में खेलने का अनुभव बढ़ाना बेहद जरूरी है और अगले 18 महीने से 2 साल तक इसी पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरे के लिए पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को आराम दिया है क्योंकि वे 2026 आईपीएल में अपनी-अपनी टीमों के लिए खेलते रहेंगे। पूरे दौरे में टीम का नेतृत्व मिचेल मार्श करेंगे।