शिमलाः आज (11 May 2026) को आईपीएल के 19वें सीजन के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। ये मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स अभी अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। वहीं पंजाब किंग्स की टीम धीरे-धीरे नीचे खिसकते हुए तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। दिल्ली की कोशिश पंजाब को पटखनी देकर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने की होगी। हालांकि, उसे बाकी बचे तीन मैच में तीन जीत दर्ज करके दूसरे टीमों के भी हार की उम्मीद करनी होगी। वहीं 10 मैच में 6 जीत 3 हार के साथ पंजाब की टीम अंक तालिका में तीसरे पायदान पर पहुंच चुकी है। वह इस मुकाबले को जीतकर फिर से टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेगी। ऐसे में आइए जानते हैं धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम की पिच का सोमवार को कैसा रहेगा हाल ? जानिए मैदान से जुड़े खास आंकड़े और कैसा रहेगा खूबसूरत धर्मशाला का मौसम?
आईपीएल के 19वें सीजन के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल संभालेंगे। वहीं पंजाब किंग्स की कमान एक बार फिर श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। आईपीएल 2026 का 55वां मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। मौजूदा सीजन में धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह पहला मैच है। पंजाब किंग्स की टीम सोमवार को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान में जब खराब फॉर्म से जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स की मेजबानी करेगी तो इस सीजन के आखिरी चरण में अपने प्रदर्शन में आई चौंकाने वाली गिरावट को रोकने की कोशिश करेगी। इस स्टेडियम में पंजाब की टीम 17 मई तक तीन मैच खेलेगी। अपने पिछले तीन लीग मैच में मिली हार के बाद पंजाब खेल के सभी विभागों में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाले पंजाब किंग्स को प्ले ऑफ में जगह बनाने के लिए अब भी कम से कम दो जीत की जरूरत है।
दिल्ली का खराब फॉर्म जारी
दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स की नजरें पहले से ही अगले सत्र पर टिकी हैं क्योंकि वे अपने पिछले छह में से पांच मैच हारने के बाद अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। दिल्ली का प्रदर्शन अपने घरेलू मैदान पर बेहद खराब रहा है इसलिए वे पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के लिए स्थल में बदलाव का स्वागत करेंगे। उसके बल्लेबाज धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर खुद को ढालने में नाकाम रहे हैं जिससे उनकी कमजोरियां उजागर हुई हैं। प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव के साधारण प्रदर्शन ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं जबकि मिचेल स्टार्क शायद बहुत देर से टीम से जुड़े। पंजाब किंग्स की तरह दिल्ली के क्षेत्ररक्षण ने भी उसे निराश किया है। आंकड़ों के लिहाज से दिल्ली की टीम अब भी प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है लेकिन इसकी बहुत कम संभावना है कि वे टूर्नामेंट में आगे बढ़ पाएंगे। यह मुकाबला अंक तालिका में तीसरे और आठवें पायदान पर काबिज टीमों के बीच है।
आईपीएल के इतिहास में और के बीच अब तक कुल 36 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें पंजाब किंग्स ने 18 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने 17 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं एक मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकला। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिलती है।