🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भगवा रोशनी से नहाया नवान्न, सोमवार को नई सरकार का पहला कार्यदिवस, महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

रविवार रात को ही नवान्न को भगवा रंग की रोशनी से सजा दिया गया

कोलकाताः सोमवार को पश्चिम बंगाल की नई सरकार का पहला कार्यदिवस होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी पहली बार नवान्न पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे वह नई मंत्रिपरिषद की पहली बैठक करेंगे। राजनीतिक हलकों का मानना है कि राज्य के ‘नवनिर्माण’ के लिए आगे की रणनीति और प्राथमिकताओं का पहला ब्लूप्रिंट सोमवार से ही तैयार होना शुरू होगा। इसी बीच रविवार रात नीले-सफेद रंगों से पहचाने जाने वाले नवान्न भवन को भगवा रोशनी से सजा दिया गया, जिससे पूरे प्रशासनिक परिसर का स्वरूप बदलता नजर आया।

शनिवार को शुभेंदु अधिकारी के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, क्षुदिराम टुडू, निशीथ प्रमाणिक और अशोक कीर्तनिया शामिल हैं। हालांकि किस मंत्री को कौन-सा विभाग सौंपा जाएगा, इसे लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री की इन पांचों मंत्रियों के साथ बैठक होने की संभावना है।

इसके अलावा शुभेंदु अधिकारी सोमवार को राज्य प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं। नवान्न सूत्रों के अनुसार सभी जिलाधिकारियों के साथ भी अलग से चर्चा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि नई सरकार प्रशासनिक ढांचे और कामकाज की दिशा तय करने के लिए शुरुआती दौर से ही सक्रिय भूमिका में नजर आएगी।

रविवार को ही नए विधायकों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर विधानसभा में तैयारियां तेज हो गईं। विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, आगामी बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार-लगातार तीन दिनों तक नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। इससे पहले मंगलवार को प्रोटेम स्पीकर का चुनाव होगा। राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि नवनिर्वाचित प्रोटेम स्पीकर को शपथ दिलाएंगे।

शनिवार शाम नवान्न भवन को पूरी तरह भगवा रंग की रोशनी से आलोकित किया गया। गंगा किनारे स्थित इस प्रशासनिक इमारत का बदला हुआ रूप राहगीरों और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता रहा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक माहौल में आए बदलाव के प्रतीक के रूप में भी कई लोग इस दृश्य को देख रहे हैं। शाम ढलते ही पूरा सचिवालय परिसर भगवा रोशनी में नहा उठा। विद्यासागर सेतु और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों ने नवान्न के इस नए स्वरूप को देखा। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस क्षण को कैमरे में भी कैद किया।

Articles you may like: