पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ समय बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट का बायो (Bio) बदल दिया। शपथ ग्रहण से पहले तक जहां उनके बायो में 'विपक्षी पार्टी के नेता' लिखा रहता था, वहीं अब 'पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री' (Chief Minister of West Bengal) लिखा है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के अगले दिन शुभेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल की फोटो बदल दी है।
नई प्रोफाइल पिक्चर में शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। यह फोटो कल (9 मई) को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ली गयी थी।
Read Also | क्या होगा नवान्न का भविष्य? क्या है 14 मंजिला इस इमारत का इतिहास?
शपथ ग्रहण के अगले दिन, रविवार की सुबह मुख्यमंत्री अधिकारी अपने पैतृक शहर पूर्व मिदनापुर जिले में स्थित कांथी गए। यहां उन्होंने अपने घर पर मिलने आए हजारों समर्थकों का अभिवादन किया।
बताया जाता है कि शनिवार की रात को कालीघाट में पूजा करने के बाद वह देर रात को कांथी के लिए निकले थे। रात करीब 2 बजे वह कांथी में अपने निवास पर पहुंचे लेकिन इसके बावजूद भारी तादाद में समर्थक उनके मिलने के लिए उनके घर के सामने पहुंच गए।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता से कांथी के रास्ते में रानीहाटी, पांचला, उलुबेरिया और कोलाघाट में भी सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में समर्थक उनका अभिवादन और स्वागत करने के लिए खड़े थे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते घर वापस लौटते बेटे के इंतजार में मां गायत्री अधिकारी और पिता शिशिर अधिकारी भी देर रात तक जागे हुए थे।
रविवार की सुबह सिर्फ पूर्व मिदनापुर ही नहीं बल्कि आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के पैतृक घर के सामने भीड़ जमाने लगे। हर कोई 'दादा' से मिलकर मुख्यमंत्री बनने की उन्हें बधाई देना चाहता है। समर्थकों का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी जमीन से जुड़े हुए और विनम्र नेता हैं।