चेन्नई : फिल्मी दुनिया के सुपरस्टार से राजनीति के बड़े चेहरे बने अभिनेता जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनकी पार्टी तमिलागा वेत्री कड़गम (TVK) ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद कांग्रेस, वाम दलों, वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से सरकार बनाई। करीब 70 वर्षों बाद तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके के बाहर किसी अन्य दल ने सत्ता हासिल की है।
चुनावी हलफनामे के अनुसार विजय कुल 624 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इनमें लगभग 220 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और करीब 404 करोड़ रुपये की चल संपत्ति शामिल है। खास बात यह है कि उनके ऊपर किसी प्रकार का कर्ज नहीं है।
विजय की संपत्ति में सबसे बड़ा हिस्सा बैंक जमा का है। इंडियन ओवरसीज बैंक की सालिग्रामम शाखा में उनके बचत खाते में 213 करोड़ रुपये से अधिक जमा हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 184.53 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
इसके अलावा विजय ने विभिन्न बैंकों में लगभग 100 करोड़ रुपये फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में निवेश किए हैं। एक्सिस बैंक में 40 करोड़ रुपये, इंडियन ओवरसीज बैंक में 25 करोड़ रुपये, एचडीएफसी बैंक में 20 करोड़ रुपये और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 15 करोड़ रुपये जमा हैं। इससे साफ है कि विजय ने कम जोखिम और स्थिर रिटर्न वाले निवेश विकल्पों को प्राथमिकता दी है।
शेयर बाजार में उनकी हिस्सेदारी बेहद कम है। उनका कुल इक्विटी निवेश 20 लाख रुपये से भी कम है। जया नगर प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड में उनके करीब 19.69 लाख रुपये के शेयर हैं। इसके अलावा इंडियन ओवरसीज बैंक और सन पेपर मिल लिमिटेड में भी मामूली निवेश किया गया है। कुल संपत्ति का 0.04 प्रतिशत से भी कम हिस्सा शेयर बाजार में लगाया गया है।
रियल एस्टेट के मामले में भी विजय काफी मजबूत स्थिति में हैं। चेन्नई समेत कई इलाकों में उनकी संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 220 करोड़ रुपये है। उनके पास 10 आवासीय संपत्तियां हैं जिनकी कीमत करीब 115 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं व्यावसायिक संपत्तियों का मूल्य लगभग 82.8 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 22 करोड़ रुपये की खाली जमीन और कोडाइकनाल के भट्टापट्टी गांव में कृषि भूमि भी उनके नाम पर है।
विजय के पास कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं। इनमें 2024 मॉडल टोयोटा लेक्सस 350, बीएमडब्ल्यू i7, टोयोटा वेलफेयर और बीएमडब्ल्यू 530 जैसी महंगी कारें शामिल हैं। साथ ही उनके पास मारुति स्विफ्ट और टीवीएस एक्सएल सुपर जैसी सामान्य वाहन भी मौजूद हैं।
हलफनामे के मुताबिक विजय के पास 883 ग्राम सोना और चांदी के आभूषण हैं, जिनकी कीमत करीब 1.2 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने परिवार के सदस्यों को भी कर्ज दिया है। पत्नी संगीता विजय को 12.6 करोड़ रुपये, जेसन संजय को 8.78 लाख रुपये और दिव्या साशा को 4.6 लाख रुपये उधार दिए गए हैं।
विजय की आय का मुख्य स्रोत अभिनय, अन्य पेशेवर कार्य, बैंक ब्याज और किराये से होने वाली आमदनी बताई गई है। नकदी, बैंक जमा और संपत्ति आधारित निवेश रणनीति ने उन्हें देश के सबसे अमीर अभिनेता-राजनेताओं में शामिल कर दिया है।