मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन चुकी है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से आम लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या पूर्व की तृणमूल सरकार द्वारा चलायी जा रही परियोजनाएं जारी रहेंगी या फिर उन्हें बंद कर दिया जाएगा?
मुख्य रूप से राज्य सरकार की जिन परियोजनाओं के बंद होने की आशंका को लेकर आम लोग परेशान हैं उनमें शामिल हैं -
लक्ष्मी भंडार
स्वास्थ्य साथी
सबूज साथी
कन्याश्री
रुपश्री
युवासाथी
क्या भाजपा की सरकार इन परियोजनाओं को जारी रखेगी? मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस बाबत कुछ इशारा जरूर किया है।
शपथ ग्रहण के बाद ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जो पहला निर्देश राज्य व पुलिस प्रशासन को दिया वह था कि आम जनता को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। Zee मीडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वर्तमान में जो परियोजनाएं चल रही हैं, वे बंद न हो।
Read Also | कहानी कुर्सी की : ममता बनर्जी की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, लगायी गयी नई
बताया जाता है कि उन्होंने यह निर्देश मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मैदान में एक टेंट में हुई बैठक के दौरान दिया। इस बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजी आदि भी मौजूद थे। साथ ही मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार की जो परियोजनाएं अब तक राज्य में लागू नहीं थी उन्हें भी जल्द से जल्द शुरू करने की कोशिशें भी तेज हो गयी हैं।
नीतिश कुमार ने दी बधाई
वहीं दूसरी तरफ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा के सांसद नीतिश कुमार ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट कर उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए लिखा, "पश्चिम बंगाल केमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर शुभेंदु अधिकारी को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरा विश्वास है कि आपका नेतृत्व प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को नई दिशा देगा तथा राज्य में विकास को और गति प्रदान करेगा।"