🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केरल में मुख्यमंत्री चयन पर कांग्रेस में मंथन जारी, खड़गे-राहुल तय करेंगे नया चेहरा

तीन घंटे की हाईलेवल बैठक में नामों पर चर्चा, गुटबाजी रोकने और एकता बनाए रखने की सख्त अपील।

By श्वेता सिंह

May 09, 2026 21:48 IST

नई दिल्लीः केरल में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर कांग्रेस ने अंतिम निर्णय का जिम्मा पार्टी हाईकमान को सौंप दिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इस पर अंतिम फैसला करेंगे, जिसकी घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।

शनिवार को नई दिल्ली में खड़गे के आवास पर कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक हुई, जो लगभग तीन घंटे तक चली। इस बैठक में राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, संगठन महासचिव दीपा दासमुंशी, अजय माकन और मुकुल वासनिक सहित केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेेश चेन्नीथला और वी. डी. सतीशन मौजूद रहे।

बैठक में केरल में मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार केसी वेणुगोपाल, वी. डी. सतीशन और रमेेश चेन्नीथला को इस दौड़ में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।बैठक के बाद नेताओं ने बताया कि सभी कांग्रेस विधायकों ने एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर दिया है, जिसमें मुख्यमंत्री चयन का अंतिम अधिकार पार्टी हाईकमान को दिया गया है।

दीपा दासमुंशी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी जल्द ही अंतिम निर्णय लेंगे और पार्टी का हर नेता उस फैसले को स्वीकार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में केरल में कुछ स्थानों पर अनुशासनहीनता देखने को मिली है, जहां अलग-अलग नेताओं के समर्थन में प्रदर्शन और सोशल मीडिया कैंपेन चलाए गए, जो पार्टी की परंपरा के खिलाफ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे सभी अभियान तुरंत रोकने की अपील की।

वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन ने कहा कि कांग्रेस ने केरल में शानदार जीत हासिल की है, लेकिन उसके बाद कुछ गुटों द्वारा चलाए गए प्रदर्शन और फ्लेक्स बोर्ड लगाने जैसी गतिविधियों से पार्टी की छवि प्रभावित हुई है। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जनता ने कांग्रेस और यूडीएफ को स्पष्ट जनादेश दिया है और अब ध्यान सरकार के कामकाज और स्थिरता पर होना चाहिए।

रमेेश चेन्नीथला ने कहा कि सभी नेताओं ने एकमत होकर हाईकमान के फैसले को स्वीकार करने पर सहमति जताई है और किसी भी तरह की गुटबाजी या व्यक्तिगत प्रचार को खत्म करने का फैसला लिया गया है। पार्टी नेतृत्व ने साफ किया है कि केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी, जिसके बाद राज्य में राजनीतिक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Articles you may like: