🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

WB चुनावों के लिए विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया

पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव

By डॉ. अभिज्ञात

May 09, 2026 21:21 IST

कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सुब्रत गुप्ता को शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

सुब्रत गुप्ता वर्ष 1990 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। इससे पहले भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने उन्हें हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के लिए विशेष रोल पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी थी।

इसी क्रम में पश्चिम बंगाल में नवगठित भाजपा सरकार ने आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया है।

सरकारी अधिसूचना में कहा गया है, “राज्यपाल ने शांतनु बाला, आईएएस (डब्ल्यूबी:2017), अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम), दक्षिण 24 परगना को पश्चिम बंगाल सरकार के माननीय मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह आदेश आगामी निर्देश तक प्रभावी रहेगा। इसे लोकहित में जारी किया गया है।”

पश्चिम बंगाल कैडर के 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। जारी आदेशों में दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है।

सरकार की ओर से जारी यह अधिसूचना भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के दिन सामने आई, उसमें कहा गया कि दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव बनाया गया है। अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया कि उन्हें यह दायित्व जनहित को ध्यान में रखते हुए सौंपा गया है।

इन नियुक्तियों की घोषणा उसी दिन की गई, जिस दिन शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी और तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत हो गया।

शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के पांच अन्य नेताओं दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

कोलकाता में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

इसके अलावा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए। राज्यपाल आर.एन. रवि ने कोलकाता में आयोजित भव्य समारोह में शुभेन्दु अधिकारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस का 15 वर्षों का शासन समाप्त हो गया। शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। इसके साथ ही उन्होंने नंदीग्राम विधानसभा सीट भी अपने पास बरकरार रखी।

Articles you may like: