कोलकाताः पश्चिम बंगाल में नई विधानसभा के गठन के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपनी संगठनात्मक जिम्मेदारियों की घोषणा कर दी है। शनिवार को पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विधानसभा में विपक्षी दल के पदों का बंटवारा तय कर दिया गया है।
पार्टी ने वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वे बालीगंज से विधायक चुने गए हैं और लंबे समय से पार्टी के अनुभवी नेताओं में शामिल हैं। डिप्टी नेता प्रतिपक्ष के तौर पर दो महिला विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। चौरंगी से विधायक नयना बंधोपाध्याय और धनेखाली से विधायक असिमा पात्र इस भूमिका में रहेंगी। दोनों नेता पहले से ही पार्टी की सक्रिय सदस्य हैं।
इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस ने फिरहाद हाकिम को विधानसभा में चीफ व्हिप नियुक्त किया है। वे कोलकाता पोर्ट से विधायक हैं और वर्तमान में कोलकाता के मेयर भी हैं। पार्टी ने कहा कि इन सभी नेताओं का प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव मजबूत है, इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारियां दी गई हैं।
नई नियुक्तियों के जरिए TMC ने विधानसभा में अपनी भूमिका को और संगठित करने की तैयारी की है। पार्टी का कहना है कि अनुभवी नेताओं के साथ महिला नेतृत्व को भी आगे बढ़ाया गया है।