गोवाः फतोर्दा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एफसी गोवा और मोहनबागान एसजी ने 1-1 से ड्रॉ खेला। इस परिणाम के साथ मोहनबागान के लिए शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका हाथ से निकल गया। टीम इस्ट बंगाल को पीछे नहीं छोड़ सकी, जो बेहतर गोल अंतर के आधार पर अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने संयमित रणनीति अपनाई। आक्रामक खेल की जगह दोनों ओर से सावधानी देखने को मिली। बारिश के कारण पिच भी चुनौतीपूर्ण रही, जिससे खेल की गति प्रभावित हुई और पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ।
दूसरे हाफ में मोहनबागान ने बढ़त बनाई। 55वें मिनट में संदेश झिंगन की गलती का फायदा उठाते हुए जेमी मैकलेरेन ने गोल किया और टीम को 1-0 से आगे कर दिया। लेकिन यह बढ़त ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। 67वें मिनट में एफसी गोवा ने शानदार वापसी की। रॉनी विल्सन के दाईं ओर से आए क्रॉस ने सीधे गोल का रूप ले लिया और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर आ गया।
मुकाबले का सबसे अहम मोड़ 72वें मिनट में आया, जब अब्दुल समद ने जेसन कमिंस को बेहतरीन पास दिया। लेकिन कमिंस आसान मौके पर गेंद को क्रॉसबार के ऊपर से मार बैठे, जिससे मोहनबागान के हाथ से जीत फिसल गई। अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने आक्रामक प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी। मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
इस परिणाम के बाद मोहनबागान के 10 मैचों में 21 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर बनी हुई है। समान अंक होने के बावजूद इस्ट बंगाल बेहतर गोल अंतर के कारण शीर्ष पर है। एफसी गोवा 12 मैचों में 20 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है।