मेदिनीपुरः पश्चिम मिदनापुर की 21 वर्षीय तैराक आफरीन जाबी ने साहस, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल पेश करते हुए इंग्लिश चैनल पार कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंगलवार रात भारतीय समयानुसार 9:31 बजे उन्होंने यह कठिन समुद्री चुनौती पूरी की, जिससे पूरे मिदनापुर में खुशी की लहर दौड़ गई। आफरीन मिदनापुर कॉलेज में समाजशास्त्र की द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं और बचपन से ही मिदनापुर स्विमिंग क्लब में नियमित अभ्यास करती रही हैं। उनकी इस सफलता को जिले की खेल प्रतिभा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आफरीन ने लगभग 34 किलोमीटर लंबा समुद्री रास्ता डोवर (इंग्लैंड) से फ्रांस के कैप-ग्रिस-नेज़ तक तय किया। उन्होंने सुबह 7:45 बजे (भारतीय समयानुसार) अपनी तैराकी शुरू की और लगातार 13 घंटे 45 मिनट तक पानी में संघर्ष करते हुए रात 9:31 बजे सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल किया।
पश्चिम मिदनापुर जिला स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव शांतनु घोष ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आफरीन की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। आफरीन की इस सफलता पर जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें बधाई दी। जिला शासक, पुलिस अधीक्षक, विधायक और नगर प्रमुख सहित कई गणमान्य लोगों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की।
कोच शांतनु घोष के अनुसार, आफरीन लंबे समय से इंग्लिश चैनल पार करने की तैयारी कर रही थीं और लगातार कठिन प्रशिक्षण से गुजर रही थीं। यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे बंगाल और देश के लिए गर्व का क्षण है। आफरीन जाबी ने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।