जयपुरः गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराकर दमदार जीत दर्ज की। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए गुजरात ने मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने बेहद आक्रामक अंदाज में की। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 84 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी हुई। मध्यक्रम में जोस बटलर ज्यादा देर टिक नहीं सके, लेकिन अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। राहुल तेवतिया ने भी चार गेंदों में 14 रन ठोककर टीम को 229/4 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी काफी कमजोर नजर आई। जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे काफी महंगे साबित हुए। 230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत तेज रही। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 36 रन बना दिए। यशस्वी जायसवाल भी तेजी से रन बनाने की कोशिश में थे, लेकिन गुजरात के गेंदबाजों ने जल्द वापसी कर ली।मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने शुरुआती झटके दिए, जिसके बाद राशिद खान ने मैच पूरी तरह गुजरात के पक्ष में मोड़ दिया।
राशिद खान ने अपनी फिरकी से राजस्थान के मध्यक्रम को तोड़ दिया। उन्होंने ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे और रविंद्र जडेजा जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया। राजस्थान लगातार विकेट गंवाता गया और टीम कभी लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। जेसन होल्डर ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने अंतिम ओवरों में राजस्थान की बची हुई उम्मीदें भी खत्म कर दीं। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को अपने घरेलू मैदान पर बड़ी हार का सामना करना पड़ा।