🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु में नया अध्याय, TVK प्रमुख विजय को मिली सत्ता की चाबी, कल लेंगे शपथ

राज्यपाल ने सरकार बनाने का दिया न्योता, 10 मई को शपथ; 120 विधायकों के समर्थन से सत्ता का रास्ता साफ।

By श्वेता सिंह

May 09, 2026 23:48 IST

चेन्नईः तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय को राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर ने राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें सरकार बनाने का आधिकारिक न्योता भी दिया गया। राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, विजय 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल ने उन्हें 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है।

शनिवार को विजय ने राजभवन पहुंचकर सरकार गठन का दावा पेश किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), माकपा (CPI-M), वीसीके (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे।

तमिलगा वेत्री कड़गम ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती थीं। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी, लेकिन सहयोगी दलों के समर्थन के बाद अब उसके पास 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन है। बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है।

विजय ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत दर्ज की है। नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। राजभवन के बयान में कहा गया कि विजय ने TVK विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी दी और सहयोगी दलों के समर्थन पत्र भी प्रस्तुत किए। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए मंत्रिमंडल गठन का निमंत्रण दिया।

विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव दर्ज होने जा रहा है। 1967 के बाद पहली बार ऐसा होगा, जब DMK और AIADMK के बाहर का कोई नेता राज्य की सत्ता संभालेगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह चुनाव परिणाम तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए विजय ने कम समय में खुद को राज्य की प्रमुख राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित कर लिया है। अब सभी की नजरें 10 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और उसके बाद विधानसभा में विश्वास मत पर टिकी हैं।

Articles you may like: