रांचीः झारखंड में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की चेतावनी के बीच रांची स्थित बिरसा बायोलॉजिकल पार्क (Birsa Biological Park) में जानवरों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने तापमान के असर को कम करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिनमें एयर कूलर लगाना और खानपान में बदलाव शामिल है।
चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक ओ. पी. साहू ने बताया कि गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले मांसाहारी जानवरों-जैसे शेर, बाघ और तेंदुआके बाड़ों में एयर कूलर लगाए गए हैं। इसके साथ ही उनके बाड़ों के ऊपरी हिस्से को धान की पुआल से ढककर छांव की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में चिड़ियाघर में सात बाघ और तीन शेर मौजूद हैं।
शाकाहारी जानवरों के लिए भी विशेष डाइट प्लान तैयार किया गया है। उन्हें तरबूज और खीरे जैसे मौसमी फल दिए जा रहे हैं, जिससे उनके शरीर में पानी की कमी न हो। इसके अलावा मल्टीविटामिन, ग्लूकोज और पर्याप्त पेयजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
पक्षियों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। उन्हें तरबूज और आम जैसे फल दिए जा रहे हैं, साथ ही विटामिन बी कॉम्प्लेक्स सप्लीमेंट भी शामिल किए गए हैं ताकि गर्मी के असर से उनकी सेहत सुरक्षित रहे। लगभग 104 हेक्टेयर में फैला यह चिड़ियाघर करीब 1,450 जानवरों का घर है, जिनमें 83 प्रजातियों के स्तनधारी, सरीसृप और पक्षी शामिल हैं।
मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल को कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
डाल्टनगंज में शुक्रवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बोकारो में 38.2 डिग्री और रांची में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है और मौसम शुष्क बना रहेगा।