खड़गपुर IIT परिसर में एक छात्र की रहस्यमय मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गयी है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम जयवीर सिंह दरिया (21) बताया जाता है। वह मैन्यूफैक्चरिंग इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र था।
शनिवार की सुबह परिसर के अटल बिहारी हॉल के सामने उक्त युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत हिजली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पिछले कुछ समय लगातार ऐसे मामलों के सामने आने की वजह से IIT खड़गपुर सवालों के घेरे में है। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक छात्र गुजरात के अहमदाबाद का निवासी था।
Read Also | संदेशखाली में ट्रंक के अंदर से अधजली-अर्द्धनग्न अवस्था में महिला और बच्ची का शव बरामद, सनसनी
शनिवार की सुबह IIT खड़गपुर के सुरक्षाकर्मी ही सबसे पहले उसे खून से लथपथ हॉल के सामने पड़ा हुआ पाया। IIT प्रबंधन को तुरंत इसकी जानकारी दी गयी और इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गयी। पुलिस ने घायल युवक परिसर में मौजूद बीसी रॉय अस्पताल ले गयी जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि 5वीं मंजिल की छत से कूदकर जयवीर ने आत्महत्या कर ली होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जिसके बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। हालांकि इस मामले में IIT खड़गपुर प्रबंधन की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं दिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले लगभग 16 महीनों में IIT खड़गपुर में कुल 8 छात्रों और शोधकर्ताओं की अस्वाभाविक मौत का मामला सामने आ चुका है। इनमें से 7 मौतें परिसर के अंदर ही हुई हैं। मृतकों में 5 लोगों का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया था।