बांग्ला नववर्ष (15 अप्रैल) के अगले दिन तेज हवाओं और रिमझीम बारिश की वजह से उमस वाली गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन शुक्रवार (17 अप्रैल) से एक बार फिर से धूप की तेजी और उमस बढ़ने वाली है। हालांकि मौसम विभाग ने शाम के समय कालवैशाखी का पूर्वानुमान जारी किया है जिस वजह से कोलकाता समेत उत्तर व दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी व बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया और उत्तर 24 परगना में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है। वहीं कोलकाता में भी हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक होने की संभावना है। उत्तर बंगाल में भी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कुचबिहार और जलपाईगुड़ी में वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं बह सकती हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार और रविवार को बीरभूम, मुर्शिदाबाद व नदिया के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश की वजह से गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। दक्षिण व उत्तर बंगाल में भी पूरा दिन उमस वाली गर्मी ही बनी रहेगी।
मौसम विभाग की मानें तो रविवार से मौसम बदलना शुरू होगा। आंधी-बारिश की संभावना कम होने लगेगी। इस वजह से गर्मी का प्रकोप बढ़ने की आशंका पैदा हो रही है। खासतौर पर पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान में गर्मी और उमस की वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।