आईपीएल 2026 में क्विंटन डिकॉक का शतक भी मुंबई इंडियंस (MI) को पंजाब किंग्स (PK) के खिलाफ जीत नहीं दिला पाया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब की टीम ने मुंबई की टीम को 7 विकेट से हरा दिया। मुंबई की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने 17वें ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। पंजाब किंग्स की 5 मैचों 9 पॉइंट हो गए हैं और टीम टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। श्रेयस अय्यर की टीम टूर्नामेंट में अभी तक अजेय है। मुंबई की 5 मैचों में चौथी हार है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। अर्शदीप सिंह ने मात्र 2 रन स्कोर पर रेयान रिकेल्टन का विकेट झटक लिया। अगली गेंद पर ही अर्शदीप सिंह ने बिना कोई खाता खोले सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बैटिंग करने उतरे क्विंटन डिकॉक और नमन धीर ने मोर्चा संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 122 रनों की साझेदारी भी की।
नमन धीर ने 31 गेंदों में 50 रन बनाएं। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं क्विंटन डिकॉक ने अपना IPL का तीसरा शतक जड़ दिया। हालांकि इसके बावजूद वह मुंबई इंडियंस की टीम को जीत दिलाने में नाकामयाब रहे। क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंदों में 112 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी पूरी पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। शशांक सिंह और मार्को जानसेन को एक-एक विकेट मिला।
आसानी से लक्ष्य तक पहुंचे
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम ने विस्फोटक शुरुआत की। पहले ही ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने 21 रन ठोक दिए। अल्लाह गजनफर ने प्रियांश (15) को तीसरे ओवर में आउट कर दिया।
5वें ओवर में उन्होंने कूपर कोनोली का शिकार किया। उन्होंने 12 गेंद पर 17 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद भी पंजाब किंग्स का रन रेट 10 के करीब चल रहा था। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह को कप्तान श्रेयस अय्यर का साथ मिला। दोनों ने आसानी से रन बनाए। 23 गेंदों पर प्रभसिमरन ने अपने 50 रन पूरे कर लिए।
टीम को जीत के करीब पहुंचाकर कप्तान श्रेयस अय्यार आउट हुए। उन्होंने 35 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका मारकर मार्कस स्टोइनिस ने पंजाब को जीत दिला दी। 39 गेंद पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से प्रभसिमरन 80 रन बनाकर नाबाद रहे।