बेंगलुरु: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक मैच के दौरान कथित अपमानजनक व्यवहार को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। टीम का आरोप है कि मैच के दौरान स्टेडियम के डीजे ने ऐसा गाना बजाया और कुछ टिप्पणियां कीं, जिससे उनके खिलाड़ियों को असहज और अपमानित महसूस हुआ।
यह घटना 5 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान हुई जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने CSK को 43 रनों से हराया। इस मुकाबले में टिम डेविड की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बेंगलुरु ने 250 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में CSK लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
रिपोर्ट के अनुसार मैच के बीच में अचानक स्टेडियम में ‘धोसा, इडली, सांभर, चटनी…’ गाना बजाया गया। यह गाना आमतौर पर सोशल मीडिया पर दक्षिण भारतीयों को लेकर मजाकिया स्टीरियोटाइप के रूप में इस्तेमाल होता है। CSK का मानना है कि मैच के दौरान इस तरह का गाना बजाना अनुचित था और इससे खिलाड़ियों की भावनाएं आहत हुईं। IPL के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले खिलाड़ी जितेश शर्मा को भी इस गाने को गाते हुए देखा गया था जिसके बाद CSK समर्थकों को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उस समय भी CSK ने आगे आकर स्थिति को संभालने की कोशिश की थी।
CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने इस घटना को गैर-पेशेवर करार देते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आमतौर पर डीजे का काम घरेलू टीम का उत्साह बढ़ाना होता है लेकिन इस मैच में विरोधी खिलाड़ियों को लेकर टिप्पणी की गई। उन्होंने कहा कि इसी वजह से BCCI को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद दोबारा ऐसी कोई हरकत नहीं हुई। काशी विश्वनाथन ने स्पष्ट किया कि डीजे का काम किसी भी टीम के खिलाड़ियों पर टिप्पणी करना नहीं है। साथ ही उन्होंने टीम के समर्थकों की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा टीम के साथ खड़े रहते हैं।