वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग- एक के बाद एक बैटर को रोकने वाला एक ही नाम - प्रफुल हिंज। सोमवार (13 अप्रैल) तक जिस कोई नहीं पहचानता था वह IPL 2026 का एक नया सितारा है। पहले मैच में ऐसी बोलिंग की राजस्थान रॉयल्स की धज्जियां उड़ गयी। पहले ओवर से मैच का मोड़ घुमाकर राजस्थान रॉयल्स के पूरे बैटिंग लाइनअप को बिखेर कर रख दिया।
इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) बल्लेबाजी के मामले में अच्छे फॉर्म में थी लेकिन गेंदबाजी के क्षेत्र में लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। कई मैचों में 200 रन बनाने के बावजूद SRH को चार में से मात्र 1 मैच में ही जीत हासिल हो सकी लेकिन 5वें मैच में कुछ ऐसा हुआ कि हर कोई हक्का-बक्का रह गया। टीम ने अपनी गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव किया और विदर्भ के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल हिंज को मौका मिला। सिर्फ एक घरेलु T-20 मैच के अनुभव के साथ उन्हें टीम में शामिल किया गया था।
मैदान पर उतरते ही हिंज ने कमाल कर दिखाया। IPL में अपनी दूसरे ही गेंद पर उन्होंने सभी को चौंकाते हुए वैभव को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। जो काम जसप्रीत बुमराह भी नहीं कर पाए थे, वह प्रफुल ने कर दिखाया। इसके बाद ध्रुव जुरेल को शून्य पर आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। उसी ओवर में उनका तीसरा शिकार बने लुआन डे प्रिटोरियस, जो बिना खाता खोले ही वापस लौट गए। पहले ही ओवर में तीन विकेट और तीनों बल्लेबाज़ शून्य पर आउट - IPL के इतिहास में पारी की शुरुआत में ऐसा घातक स्पेल पहले कभी नहीं देखा गया था। सोमवार को हैदराबाद में विदर्भ के इस युवा तेज गेंदबाज ने एक नया इतिहास रच दिया।
प्रफुल हिंज यहीं नहीं रुके। अपने दूसरे ओवर में उन्होंने राजस्थान के कप्तान रियान पराग को भी पवेलियन भेज दिया। रियान ने 6 गेंदों में 4 रन बनाए। इसके बाद मैच का रुख साफ हो गया। पैट कमिंस के न होने की वजह से SRH को जिस शुरुआत की जरूरत थी उसे इस युवा तेज गेंदबाज ने पूरी कर दी। प्रफुल हिंज ने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट झटके।
महज 3 ओवर के भीतर ही राजस्थान रॉयल्स ने 5 विकेट गंवा दिए और उस समय स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 9 रन थे। मैच तो वहीं पर खत्म हो गया लेकिन सिर्फ औपचारिकता ही बाकी रह गयी थी।
हैदराबाद द्वारा दिए गए 217 रन के लक्ष्य का पीछा करना राजस्थान के लिए किसी सपने के पीछे दौड़ने जैसा था। शुरुआती झटकों के बाद छठे विकेट के लिए राजस्थान के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और डोनोवन फरेइरा ने टीम को संभालने की कोशिश की।
दोनों के बीच 118 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई जिससे राजस्थान की पारी में नई उम्मीद जगी। लेकिन 44 गेंदों में 69 रनों की तूफानी पारी खेलने के बाद जैसे ही फरेइरा आउट हुए, राजस्थान की सारी उम्मीदें टूट गईं। उनकी पारी में 3 छक्के और 7 चौके शामिल थे। उन्हें साकिब हुसैन ने आउट किया। अगले ही ओवर में ईशान मलिंगा ने रवींद्र जडेजा को भी पवेलियन भेज दिया। जडेजा ने 32 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल थे। राजस्थान की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस मैच में गेंदबाजी में सबसे बड़ी भूमिका प्रफुल हिंज और साकिब हुसैन ने निभाई। प्रफुल की तरह साकिब ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। मुख्य रूप से इन दोनों युवा गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 57 रनों से शानदार जीत दर्ज की।