अमेरिका ने तेहरान के साथ शांति वार्ता फेल होने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना के जरिए नाकेबंदी कर दी है। अमेरिका ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी के 24 घंटे के दौरान कोई भी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी को पार नहीं कर सका और 6 व्यापारिक जहाजों ईरानी बंदरगाह की तरफ वापस लौट गए।
सेंटकॉम ने अमेरिकी नाकेबंदी की साझा की जानकारी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने मंगलवार (14 अप्रैल, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में सेंटकाम ने होर्मुज स्ट्रेट में की गई अमेरिकी नाकेबंदी में तैनात अमेरिकी सेना की संख्या, युद्धपोत और विमानों के बारे में जानकारी साझा की।
सेंटकॉम ने कहा, ‘अमेरिका के 10 हजार से ज्यादा नौसैनिक, मरीन और वायुसेना के जवान, एक दर्जन से ज्यादा युद्धपोत और दर्जनों विमान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश करने और वहां से निकलने वाले जहाजों की नाकेबंदी के मिशन को अंजाम दे रहे हैं।’ सेंटकॉम ने कहा, ‘पहले 24 घंटों के दौरान, कोई भी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी को पार नहीं कर सका और 6 व्यापारिक जहाजों ने अमेरिकी बलों के निर्देश का पालन करते हुए ओमान की खाड़ी में स्थित किसी ईरानी बंदरगाह की ओर वापस लौट गए।’