अंकारा: तुर्किये के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित एक हाई स्कूल में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आई, जहां एक पूर्व छात्र ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में कम से कम 16 लोग घायल हो गए, जिसके बाद हमलावर ने खुद को गोली मारकर जान दे दी।
यह घटना सानलिउरफा प्रांत के सिवेरेक इलाके के एक व्यावसायिक हाई स्कूल में हुई। 18 वर्षीय हमलावर शॉटगन लेकर स्कूल में घुसा और कई कक्षाओं में जाकर फायरिंग की। प्रांत के गवर्नर हसन शिल्दाक के अनुसार पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने के बाद हमलावर ने उसी हथियार से आत्महत्या कर ली।
इस हमले में 10 छात्र, चार शिक्षक, एक कैंटीन कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी घायल हुए। अधिकांश घायलों का इलाज सिवेरेक में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ छात्रों और शिक्षकों को प्रांतीय राजधानी के अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। गवर्नर ने बताया कि हमलावर का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और स्कूल को पहले सुरक्षित घोषित किया गया था, जहां स्थायी रूप से कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। उन्होंने इस घटना को एक अलग-थलग मामला बताया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर ने पहले सोशल मीडिया पर स्कूल पर हमले की धमकी दी थी। वहीं, एक छात्र ने बताया कि हमलावर अचानक कक्षा में घुसा और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। उसने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दो लोग घायल हो गए। इसके बाद वह दूसरी कक्षा की ओर बढ़ गया।
छात्र के मुताबिक पहले वे जमीन पर लेट गए और फिर जान बचाने के लिए खिड़की से कूदकर बाहर भागे। घटना के बाद स्कूल के सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पुलिस की विशेष इकाइयों को मौके पर तैनात किया गया। गवर्नर ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान हमलावर को स्कूल परिसर में ही घेर लिया गया था, जिसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। इस घटना की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े वीडियो में देखा गया कि बड़ी संख्या में छात्र स्कूल से बाहर निकलकर सड़क की ओर भागते नजर आए।