मुंबईः आईपीएल 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बेंगलुरु ने 240/4 का बड़ा स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई 222/5 तक ही पहुंच सकी।
241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने तेज़ शुरुआत की। रोहित शर्मा और रायन रिकेलटन ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए 3 ओवर में 39 रन जोड़ दिए। पावरप्ले के अंत तक टीम 62/0 पर पहुंच गई और मुकाबले में बनी रही।
लेकिन 6वें ओवर में बड़ा झटका लगा, जब रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए, जिससे टीम की लय बिगड़ गई। इसके बाद 8वें ओवर में सुयश शर्मा ने लगातार 2 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले रायन रिकेलटन को 37 रन पर आउट किया और फिर तिलक वर्मा को सिर्फ 1 रन पर पवेलियन भेजा।
मध्य ओवरों में दबाव बढ़ता गया और 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 138/3 हो गया।सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों पर 33 रन बनाए, लेकिन कृणाल पांड्या ने उन्हें आउट कर दिया।
कप्तान हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जैकब डफी ने उन्हें आउट कर निर्णायक झटका दिया। इसके बाद रासिख सलाम ने नामन धीर (1) को आउट कर मुंबई को 154/5 पर ला दिया।
अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में नाबाद 71 रन (1 चौका, 9 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 18 रन से हार गई।
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से फिल सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 20 गेंदों में 53 रन बनाए। इसके अलावा टिम डेविड ने 16 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
सॉल्ट और कोहली के बीच 120 रन की साझेदारी ने पारी की नींव रखी, जबकि कोहली और पाटीदार ने 65 रन जोड़कर स्कोर को और आगे बढ़ाया।
मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर, हार्दिक पांड्या, मिचेल सैंटनर और ट्रेंट बोल्ट को 1-1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।