आशा भोसले की आवाज से जब भी सुर झड़े हैं लोग मंत्रमुग्ध होकर उसे सुनते ही रहे हैं। आज सुरों का यह सफर थम गया। आशा ताई की आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गयी। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं की वजह से उनका निधन हो गया। कल (सोमवार) की शाम को 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वह 92 वर्ष की थी।
आशा भोसले की कई यादगार गाने रहे हैं जो आज भी लोगों के दिलों में ताजा है। इनमें अभी ना जाओ छोड़कर, दम मारो दम, मोनिका ओ माय डार्लिंग आदि शामिल हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आशा भोसले ने बॉलीवुड की फिल्म में भी अपना हाथ आजमाया था। जी हां, आशा भोसले ने 79 वर्ष की उम्र में एक्टिंग में अपना डेब्यू किया था।
किया था एक्टिंग डेब्यू
आशा भोसले ने साल 2013 में फिल्म 'माई' (Mai) में बतौर एक्ट्रेस डेब्यू किया था। 79 साल की उम्र में उन्होंने अपने एक्टिंग कॅरियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में आशा भोसले ने मुख्य भूमिका निभायी थी। फिल्म में आशा भोसले की एक्टिंग की खूब तारीफें भी हुई थी।
Read Also | Asha Bhosle Death : आशा ताई के 10 ऐसे सदाबहार गाने तो आज भी झूमने को कर देते हैं मजबूर
फिल्म 'माई' एक हिंदी फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसमें आशा भोसले ने एक अल्जाइमर से पीड़ित विधवा का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके बेटे ने उन्हें छोड़ देता है। उनकी बड़ी बेटी (पद्मिनी कोल्हापुरी) परिवार के विरोध के बावजूद उन्हें अपने साथ रखती है। यह एक भावनात्मक कहानी पर बनी फिल्म है जिसमें उन माता-पिता के संघर्षों को दिखाया गया है जिन्हें उनके बच्चों ने छोड़ दिया है। फिल्म में राम कपूर ने आशा भोसले के बेटे का किरदार निभाया था।
बता दें, आशा भोसले ने महज 9 साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था। उनकी आवाज में हमेशा ही वहीं मिठास बनी रही जो शुरुआती दिनों में हुआ करती थी। शनिवार (11 अप्रैल) को अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से आशा भोसले को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। आज सुबह उनके बेटे आनंद भोसले ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक मल्टी ऑर्गन फेल्योर की वजह से उनकी मौत हुई है।