भारतीय संगीत ने आज अपना एक चमकता सितारा खो दिया। 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में सुरों की मलिका, सबकी फेवरेट आशा ताई यानी आशा भोसले का निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थी। डॉक्टरों के मुताबिक मल्टि-ऑर्गन फेल्योर की वजह से उनकी मौत हुई है।
आशा भोसले के जीवन से जुड़ी ऐसी कई बातें हैं जो आज भी न तो उनके फैंस और न ही आम लोगों में से किसी को पता है। आइए एक बार फिर से आशा भोसले के जीवन की किताब के पन्नों को पीछे पलटते हैं और उनके बारे में कुछ अनजानी बातों को जान लेते हैं : -
मात्र 9 साल की उम्र में बनीं गायिका
आशा भोसले ने मात्र 9 साल की उम्र में ही गायन को बतौर पेशा अपना लिया था। जिस उम्र में बच्चे मैदानों में धूल-मिट्टी से सन कर खेलने में व्यस्त होते थे, नन्हीं आशा स्टुडियो में माइक्रोफोन के सामने गाने रिकॉर्ड्स किया करती थीं।
16 साल की उम्र में भागकर शादी
आशा भोसले ने मात्र 16 साल की आयु में घरवालों की मर्जी के खिलाफ 31 वर्षीय गणपत राव भोसले से भागकर शादी कर ली थी। वह उनके व्यक्तिगत सचिव थे। हालांकि बाद में दोनों के रिश्तों में खटास आ गयी और 1960 में दोनों अलग हो गए।
RD बर्मन से प्रेम विवाह
1980 में आशा भोसले ने प्रसिद्ध संगीतकार राहुल देव बर्मन से पहले प्यार और फिर शादी की। हालांकि उम्र में आशा भोसले RD बर्मन से 6 साल बड़ी थी। बर्मन परिवार ने इस शादी का विरोध भी किया था।
12,000 से अधिक गाने किए रिकॉर्ड
क्या आप जानते हैं आशा भोसले ने अपने सिंगिंग कॅरियर में 12000 से भी अधिक गाने रिकॉर्ड किया था। उन्होंने साल 2006 में इस बात का खुद खुलासा किया था। सिर्फ इतना ही नहीं आशा भोसले 20 से भी अधिक भाषाओं में गाने गा चुकी हैं। वह कई भारतीय और विदेशी दोनों भाषाओं गाने गा चुकी थीं।
एक्टिंग में भी आजमा चुकी हैं हाथ
आशा भोसले सिर्फ कैमरे के पीछे एक्टर्स को अपनी सुरीली आवाज ही नहीं देती थी बल्कि उन्होंने एक्टिंग में भी अपने हाथ आजमाएं थे। वर्ष 2013 में आशा भोसले ने फिल्म 'माई' से अपना एक्टिंग डेब्यू कर आलोचकों ने भी काफी तारीफें बटोरी थी।
Filmfare को अस्वीकार करने की दिखाई हिम्मत
आशा भोसले को अपने कॅरियर में बेस्ट प्लेबैक सिंगिंग का कुल 7 फिल्मफेयर (Filmfare) पुरस्कार मिला था। लेकिन 1979 में आखिरी बार इस पुरस्कार को जीतने के बाद उन्होंने अपनी दीदी की तरह ही घोषणा कर दी कि नई प्रतिभाओं को मौका देने के लिए वह फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए और नामांकित नहीं होना चाहती हैं।
बनीं ब्रिटिश गाने की प्रेरणा
बहुत कम लोगों को ही पता है कि ब्रिटिश ऑल्टरनेटिव रॉक बैंड Cornershop ने 1997 में एक गाना 'Brimful of Asha' को आशा भोसले को समर्पित करते हुए ही रिलीज किया था। फरवरी 1998 में यह गाना UK Singles Chart के टॉप पर पहुंचा था।
आखिरी दिनों तक संगीत से जुड़ी रहीं
आशा भोसले अपने जीवन के आखिरी समय तक संगीत से जुड़ी रहीं। इसी साल यानी 2026 में ब्रिटिश वर्चुअल बैंड Gorillaz के 9वें स्टुडियो एल्बम 'The Mountain' के लिए एक गाना 'The Shadowy Light' को उन्होंने रिकॉर्ड किया था।
आशा भोसले आज भले ही हमारे बीच नहीं हो, लेकिन उनकी सुरीली यादें हमेशा हर भारतीय और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के दिलों में बसी रहेगी।