नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अपने शेयरधारकों के लिए बड़ा फैसला ले सकती है। जानकारी के अनुसार कंपनी 13 अप्रैल सोमवार को होने वाली बोर्ड बैठक में बोनस शेयर जारी करने पर निर्णय ले सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह एलआईसी का पहला बोनस शेयर इश्यू होगा।
पिछले सप्ताह ही कंपनी की ओर से बोनस शेयर को लेकर संकेत दिए गए थे जिससे निवेशकों में उत्साह बढ़ा है। इसी कारण बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोमवार को एलआईसी के शेयर पर विशेष नजर रहेगी।
हालांकि यदि कंपनी बोनस शेयर जारी करती है तो इसका लाभ केवल उन्हीं निवेशकों को मिलेगा जिनके पास रिकॉर्ड डेट से पहले एलआईसी के शेयर होंगे। कंपनी एक निश्चित रिकॉर्ड डेट तय करेगी जिसके आधार पर यह तय किया जाएगा कि कौन निवेशक बोनस शेयर पाने के पात्र हैं।
बोनस शेयर का मतलब होता है कि कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों को बिना किसी अतिरिक्त लागत के अतिरिक्त शेयर देती है। यह किस अनुपात में दिया जाएगा इसका निर्णय कंपनी खुद करती है। रिकॉर्ड डेट के आधार पर पात्रता तय होने के बाद तय समय पर ये शेयर निवेशकों के खाते में जोड़ दिए जाते हैं।
गौरतलब है कि एलआईसी ने अब तक बोनस शेयर नहीं दिया है लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कंपनी कई बार अपने शेयरधारकों को डिविडेंड दे चुकी है। मई 2022 से अब तक एलआईसी पांच बार लाभांश का भुगतान कर चुकी है।
कंपनी की मौजूदा बाजार पूंजीकरण 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। पिछले तीन वर्षों में इसके शेयरों में लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि हुई है हालांकि इस साल अब तक इसमें करीब 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
एलआईसी में सरकार की हिस्सेदारी लगभग 96.5 प्रतिशत है जबकि आम निवेशकों के पास करीब 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
(नोट: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। निवेश से पहले उचित जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह लेना आवश्यक है। यह खबर केवल जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है।)