जयपुरः राजस्थान के जयपुर ग्रामीण इलाके में रायसर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सिर्फ 24 घंटे में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
फेसबुक दोस्ती से शुरू हुआ खेल
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती फेसबुक पर दीपक नाम के युवक से हुई थी। धीरे-धीरे आरोपी ने भरोसा जीता और उसकी जमीन पर आना-जाना शुरू कर दिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर पूरी साजिश रची गई।
महिला के जरिए बनाया अश्लील वीडियो
6 अप्रैल को पीड़ित अपनी जमीन पर गया था, जहां दीपक ने अपनी गर्लफ्रेंड को मिलने लाने की बात कही। मना करने के बावजूद आरोपी ने महिला को वहां बुलाया। बाद में रास्ते में कार सवार बदमाशों ने पीड़ित को रोका, मारपीट की और जबरन महिला के साथ बैठाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
15 लाख की मांग, 7 लाख में सौदा
आरोपियों ने पीड़ित को शाहपुरा ले जाकर बलात्कार का केस दर्ज कराने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पहले 15 लाख रुपये मांगे गए, लेकिन बाद में 7 लाख रुपये में समझौता हुआ। आरोपियों ने तुरंत 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम बनाई गई और पीड़ित के जरिए आरोपियों को फिर से पैसे लेने बुलाया गया। जैसे ही आरोपी पहुंचे, पुलिस ने घेराबंदी कर दी। एक आरोपी कार लेकर भागा, लेकिन 25 किलोमीटर पीछा कर उसे भी पकड़ लिया गया।
फरार महिलाओं को भी पकड़ा
गिरफ्तारी की भनक लगते ही दोनों महिला आरोपी जयपुर से भाग गईं और मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने तकनीकी मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस कर बूंदी जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बोलेरो, कार और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी रामकिशन और दीपक के खिलाफ पहले भी लूट के मामले दर्ज हैं।