🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु में अजीब चोरी: मंदिर के अंदर सोता मिला चोर, मौके पर गिरफ्तार

8,500 रुपये चुराकर थकान में सोया आरोपी, नींद बनी गिरफ्तारी की वजह।

By रजनीश प्रसाद

Apr 12, 2026 12:15 IST

चेन्नई : तमिलनाडु के एक स्थानीय मंदिर में चोरी की एक अजीब घटना सामने आई है जहां चोर अपनी ही गलती से कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया। मामला अंबुरी के कुडप्पानामुडु स्थित कुझुवालवट्टम श्री भगथी मंदिर का है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम सेंट्रिल है जिसकी उम्र करीब 40 वर्ष है और वह तमिलनाडु का ही निवासी है। आरोप है कि शुक्रवार रात उसने मंदिर के कार्यालय का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से लगभग 8,500 रुपये नकद चुरा लिए।

हालांकि चोरी के बाद भागने के बजाय आरोपी थकान के कारण उसी जगह पर सो गया। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब मंदिर समिति के सदस्य कार्यालय पहुंचे तो दरवाजा टूटा देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति कमरे के भीतर ही सो रहा है। यह देखकर सभी हैरान रह गए।

इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली। वेल्लारदा पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस अनोखी घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज है क्योंकि आमतौर पर चोरी के बाद अपराधी तुरंत फरार हो जाते हैं लेकिन इस मामले में थकान के चलते सो जाना ही आरोपी के लिए मुसीबत बन गया और वह खुद ही पकड़ में आ गया।

Articles you may like: