धारवाड़ः कर्नाटक के धारवाड़ जिले में यूथ कांग्रेस के एक नेता की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात हुई, जब कुछ अज्ञात हमलावर उनके घर में घुस आए।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय फिरोज खान पठान के रूप में हुई है, जो धारवाड़ के मेहबूब नगर इलाके के निवासी थे। सूत्रों के अनुसार धारवाड़ उपनगरीय थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर चार से पांच हमलावरों ने उसके घर में घुसकर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि चार से पांच लोगों के समूह ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
पुलिस के अनुसार यह घटना धारवाड़ उपनगरीय थाना क्षेत्र में हुई है और इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हुबली स्थित केआईएमएस अस्पताल भेजा गया है।
हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन शशिकुमार ने बताया कि अभियुक्तों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं। हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, हालांकि परिवार ने कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश जारी है।