2008 में IPL की शुरुआत से राजस्थान रॉयल्स (RR) के बैकरूम में कई पद संभालने वाले रोमी भिंडर उस वक़्त विवादों में घिर गए, जब शुक्रवार को गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ख़िलाफ़ उनके IPL 2026 मैच के दौरान टीवी कैमरों ने उन्हें टीम डगआउट में मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ लिया।
ESPNcricinfo को मिली जानकारी के मुताबिक़, भिंडर पर अब तक IPL की आचार संहिता (कोड ऑफ़ कंडक्ट) के उल्लंघन का कोई आरोप नहीं लगाया गया है। इस घटना की तस्वीरें-जिसमें भिंडर फ़ोन पर हैं और वैभव सूर्यवंशी उनके बग़ल में खड़े हैं-मैच के बाद सोशल मीडिया पर सामने आईं, और तब से यह पुष्टि हो गई है कि RR के टीम मैनेजर भिंडर, जो IPL के दौरान 15 वर्षीय सूर्यवंशी के "लोकल गार्जियन" भी हैं, वाक़ई मैच के दौरान मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल कर रहे थे।
एक BCCI अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा, "हां, भिंडर ने वाक़ई प्लेयर्स और मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है क्योंकि मैच के दौरान डगआउट में सेल फ़ोन बैन हैं।"
IPL की आधिकारिक वेबसाइट पर, PMOA प्रोटोकॉल 2026 से जुड़े संबंधित क्लॉज़ में कहा गया है: "टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फ़ोन का इस्तेमाल कर सकता है लेकिन डगआउट में नहीं।"
BCCI अधिकारी ने कहा, "यह अनजाने में हुई भूल हो सकती है, लेकिन कोई न कोई कार्रवाई तो होनी ही चाहिए क्योंकि यह उल्लंघन का मामला है। सिर्फ़ चेतावनी दी जाएगी या मैच का बैन लगेगा, यह मैच रेफ़री और ACU (एंटी-करप्शन यूनिट) की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। उसी के आधार पर IPL गवर्निंग काउंसिल कोई फ़ैसला ले सकती है।"
RCB के ख़िलाफ़ RR ने यह मैच छह विकेट से जीत लिया, जिसमें सूर्यवंशी 26 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' रहे, और इसी के साथ वह टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप टेबल में टॉप पर भी पहुंच गए।