गुवाहाटी : आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हराकर अपनी ताकत दिखा दी। 202 रन के बड़े लक्ष्य को राजस्थान ने महज 18 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने इस सीजन के अपने सभी चारों मुकाबले जीत लिए हैं।
इस जीत के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल। 15 साल के वैभव ने एक बार फिर तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन बनाए जबकि जुरेल ने 81 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। वैभव का प्रदर्शन हर मैच में चर्चा का विषय बनता जा रहा है और उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है।
मैच के बाद एक खास पल भी देखने को मिला, जब भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वैभव से मुलाकात की। कोहली ने युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की और उनके कैप पर एक छोटा लेकिन खास संदेश लिखा- “डियर वैभव, वेल डन।” कोहली के ये चार शब्द सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गए।
वैभव सूर्यवंशी इस समय आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। उन्होंने 4 मैचों में 200 रन बनाए हैं उनका औसत 50 और स्ट्राइक रेट 266.67 है। सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाकर उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ वैभव ने अपने साथी यशस्वी जायसवाल को भी पीछे छोड़ दिया है। उनकी लगातार दमदार पारियां उन्हें इस सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण बना रही हैं।