पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण (23 अप्रैल) से पहले रविवार को चुनाव प्रचार पर सभी पार्टियों ने खूब जोर लगाया है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए अपने हेवीवेट नेता व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनावी मैदान में उतारा है।
बांकुड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने ममता सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, लुट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल अब चुप नहीं रहने वाला है। अब खेला खत्म होगा और विकास शुरू होगा।
रविवार की दोपहर को बांकुड़ा के सोनामुखी में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में योगी आदित्यनाथ में जनसभा को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सुनने के लिए भाजपा के नेता-कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लगभग 25 मिनट तक उन्होंने भाषण दिया जिसमें बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का मुद्दा भी उन्होंने उठाया। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश में अल्पसंख्य हिंदुओं पर हमले के मुद्दे पर भी बात की।
Read Also | राज्य के शिक्षा मंत्री के करीबी के घर से करोड़ों नगद... - पार्थ चटर्जी के मुद्दे पर PM मोदी ने TMC को घेरा
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले ही बांग्लादेश में एक हिंदू दलित की निर्मम हत्या कर दी गयी थी। भाजपा ने इसका तीव्र विरोध किया था। हमने आंदोलन भी किया था लेकिन बंगाल की मुख्यमंत्री 'ममता दीदी' चुप रहीं। उनको डर था कि कहीं इससे मुस्लिम वोट बैंक न खतरे में पड़ जाए।
उत्तर प्रदेश के साथ बंगाल की तुलना करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में बंगाल की जो परिस्थिति है ऐसी परिस्थिति 8-9 सालों पहले उत्तर प्रदेश की भी थी। लेकिन वहां सरकार बदलने के बाद डबल इंजन की सरकार बनी और परिस्थिति भी बदली।
उन्होंने आगे कहा कि अब वहां कानून का राज चलता है। आर्थिक उन्नति हो रही है। युवकों को वहां रोजगार मिलते हैं। इसके साथ ही माफियाराज भी बंद हुआ है। इसी तरह से योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में भी परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं होती है। अब संतुष्टिकरण है। सभी माफियाओं को जहन्नुम के रास्ते पर भेज दिया गया है। अब वहां सभी सुरक्षित हैं।