केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को आम जनता उन्नयन पार्टी सुप्रीमो हुमायूं कबीर के विवादित वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसके अगले दिन यानी शनिवार (11 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आयी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रैलियों को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) की मदद से फर्जी वीडियो बनाकर झूठा प्रचार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हुमायूं कबीर और एक व्यक्ति के बीच कथित बातचीत का एक वीडियो क्लिप (जिसकी सत्यता की पुष्टि ‘समाचार एई समय’ ने नहीं की है) तृणमूल ने जारी किया है। इस वीडियो में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का भी उल्लेख है। इस वजह से इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी का बयान राजनीतिक जानकार बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं। हालांकि पीएम मोदी ने अपने बयान में हुमायूं कबीर का नाम नहीं लिया।
Read Also | गठबंधन टूटने के बाद हुमायूं कबीर की दो टूक, 'ओवैसी के भरोसे पार्टी नहीं बनायी'
गत गुरुवार को तृणमूल ने हुमायूं कबीर और भाजपा के बीच ‘सांठगांठ’ का आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया था। 19 मिनट के इस वीडियो को लेकर तृणमूल ने आरोप लगाया कि हुमायूं ने भाजपा से 1000 करोड़ रुपये की मांग की, जिसमें से 200 करोड़ रुपये तुरंत देने की बात कही गई। बदले में पश्चिम बंगाल में भाजपा के मुख्यमंत्री को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन भी इस वीडियो में हुमायूं कबीर देते नजर आ रहे हैं।
बता दें, तृणमूल से निलंबित होने के बाद हुमायूं कबीर अपनी अलग पार्टी बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हुमायूं कबीर का दावा है कि तृणमूल ने जो वीडियो जारी किया है वह AI की मदद से बनाया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर आरोप साबित नहीं हुए तो वह सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करेंगे।
Read Also | चुनावी सभा को संबोधित करते हुए PM मोदी की कड़ी चेतावनी, अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें घुसपैठिए
विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी दावा किया था कि यह वीडियो AI से बनाया गया हो सकता है। अब मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन AI वीडियो के जाल में मत फंसिए। इन पर विश्वास मत कीजिए।
गौरतलब है कि चुनाव से पहले हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने की घोषणा की थी।