भुवनेश्वर : ओडिशा में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं। राज्य के गृह विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर तैनात अराधना दास पर एक दिव्यांग युवक से जमीन दिलाने के नाम पर 95 लाख रुपये रिश्वत लेने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
इस मामले में पीड़ित कमल कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि अधिकारी ने उन्हें कटक जिले में कटक विकास प्राधिकरण (सीडीए) के तहत जमीन दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उनसे बड़ी रकम ली गई लेकिन वादा पूरा नहीं किया गया।
कमल कुमार के अनुसार उन्होंने यह राशि ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए अपनी पत्नी के माध्यम से अधिकारी को भेजी थी। जब काफी समय बाद भी जमीन नहीं मिली तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इस पर अधिकारी ने कहा कि वह पैसे खर्च कर चुकी हैं और वापस नहीं कर सकतीं। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर सीडीए-2 थाने में आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच के दौरान अधिकारी ने जांच में सहयोग नहीं किया। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुमति के लिए राज्य के गृह विभाग को पत्र भेजा है। बताया गया है कि गृह विभाग में नियुक्ति से पहले अराधना दास राज्य के भूमि और आवास विभाग में भी काम कर चुकी हैं।
यह मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है और जांच जारी है।