🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पश्चिम बंगाल की सियासत में एक बार फिर आरोप–प्रत्यारोप का दौर तेज

नमो के निशाने पर बंगाल का सिंडिकेट राज, अभिषेक का पलटवार

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 13, 2026 00:53 IST

कोलकाताः पश्चिम बंगाल की सियासत में एक बार फिर आरोप–प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। 2021 के विधानसभा चुनाव में वाम मोर्चा का सफाया होने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि उनके समर्थक तत्व किस राजनीतिक खेमे में शामिल हुए। इसी मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ी हुई है।

नरेन्द्र मोदी ने आरोप लगाया कि हिंसा के मुद्दे पर तृणमूल अब वाम दलों की “कार्बन कॉपी” बन चुकी है। वहीं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पलटवार करते हुए दावा किया कि सीपीएम के “हार्माद” अब पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने बर्धमान, दक्षिण दिनाजपुर और मुर्शिदाबाद जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। दक्षिण दिनाजपुर में उन्होंने कहा, “34 वर्षों तक सीपीएम ने बंगाल में आतंक का माहौल बनाया। आज टीएमसी उसी रास्ते पर चल रही है और वामपंथियों की कार्बन कॉपी बन गई है। उनके सिंडिकेट और लूटतंत्र अब टीएमसी में समा गए हैं।”

इसके जवाब में पूर्व बर्धमान के मेमारी में रोड शो के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “सीपीएम के जुल्म ढाने वाले लोग अब जर्सी बदलकर भगवा झंडा उठाकर बीजेपी में चले गए हैं।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ऐसे उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराई जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जहां ये लोग उपद्रव करेंगे, वहां सख्ती से जवाब दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में टीएमसी पर “सिंडिकेट राज” स्थापित करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था, “बंगाल में टीएमसी और सिंडिकेट अब एक ही चीज बन गए हैं। पिछले 15 वर्षों से यही व्यवस्था चल रही है और इसी के बल पर सत्ता कायम है।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि टीएमसी अन्य राज्यों में प्रभाव क्यों नहीं बना पाती। मोदी ने कहा, “त्रिपुरा, असम और गोवा जैसे राज्यों में चुनाव लड़ने के बावजूद टीएमसी को समर्थन नहीं मिला क्योंकि वहां उनकी गुंडागर्दी नहीं चलती।”

प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “टीएमसी के नेताओं ने जैसे बूथ लूट और लोगों को डराने में पीएचडी कर रखी है। उनके बायोडाटा में यही सब भरा है। ऐसी पार्टी को बंगाल पर शासन करने का कोई अधिकार नहीं है।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो कोई भी सरकारी योजना बंद नहीं होगी, बल्कि भ्रष्टाचार जरूर खत्म किया जाएगा।

इधर, झाड़ग्राम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “बीजेपी हमें अल्टीमेटम दे रही है! जितना अत्याचार करेंगे, उतना ही कम वोट पाएंगे।”

राज्य में चुनावी माहौल के बीच यह सियासी टकराव और तेज होता नजर आ रहा है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हिंसा, सिंडिकेट और दलबदल को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

Articles you may like: