🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आशा भोसले के निधन पर गौतम अडानी, गौतम सिंघानिया समेत कॉर्पोरेट जगत व संगीत उद्योग के दिग्गजों ने जताया शोक

कॉर्पोरेट नेताओं और अग्रणी म्यूज़िक लेबल्स ने कहा-"एक युग का हुआ अंत, विरासत रहेगी अमर”

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 13, 2026 00:14 IST

नई दिल्लीः दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर कॉर्पोरेट जगत के नेताओं और प्रमुख म्यूज़िक लेबल्स ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने कहा कि उनकी आवाज़ ने पीढ़ियों को प्रभावित किया और भाषाओं की सीमाओं को पार कर लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।

रेमंड के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महान आशा भोसले के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। उनकी आवाज़ ने पीढ़ियों को परिभाषित किया, भाषाओं की सीमाओं को पार किया और हमें अनगिनत कालजयी धुनें दीं।” उन्होंने उन्हें भारतीय संगीत की “अप्रतिस्थाप्य आइकन” बताया।

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने लिखा, “भारत का दिल कभी भी आशा जी को जाने देने के लिए तैयार नहीं था। वह एक अमर विरासत छोड़ गई हैं, जो घरों, यादों और पीढ़ियों में गूंजती रहेगी। शांति से विश्राम करें, आशा जी। आपकी धुनें अमर हैं।”

आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने कहा, “आशा भोसले के निधन के साथ मेरे जीवन का एक बेहद निजी अध्याय समाप्त हो गया। उनका हमारे परिवार के साथ आत्मीय संबंध था।” उन्होंने आगे कहा, “आज ऐसा लगता है जैसे भारत की आवाज़ का एक हिस्सा मौन हो गया है।”

जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने कहा, “आशा भोसले जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उनकी आवाज़ ने पीढ़ियों को प्रभावित किया और भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनकी बहुमुखी प्रतिभा, गरिमा और कालजयी धुनों ने हमारी सांस्कृतिक विरासत पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके गीत हमारे दिलों में जीवित रहेंगे और आने वाले वर्षों में अनगिनत कलाकारों को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार, प्रशंसकों और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”


म्यूज़िक लेबल्स ने क्या कहा?

म्यूज़िक लेबल और फिल्म प्रोडक्शन फर्म टिप्स फिल्म्स एंड म्यूज़िक ने कहा, “जिस आवाज़ ने पीढ़ियों को परिभाषित किया, वह अब शांत हो गई है लेकिन उनकी धुनें हमेशा गूंजती रहेंगी। शांति से विश्राम करें, लेजेंड, आशा भोसले।”

प्रमुख म्यूज़िक लेबल सारेगामा ने लिखा, “जीवनभर दिए गए उस संगीत के लिए धन्यवाद, जो कभी हमसे दूर नहीं होगा।”

वहीं टी-सीरीज़ ने कहा, “एक युग, एक आवाज़, एक फेनोमेनन- आशा भोसले जी के जादू के लिए हम सदैव आभारी रहेंगे।”

सोनी म्यूज़िक इंडिया ने लिखा, “एक ऐसी आवाज़ जिसने युगों को परिभाषित किया, पीढ़ियों को जोड़ा और हमेशा गूंजती रहेगी।”

Articles you may like: