मालदह के मोथाबाड़ी की घटना में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता से NIA ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उक्त व्यक्ति का नाम गुलाम रब्बानी बताया जाता है। दावा किया जा रहा है कि वह स्थानीय ग्राम पंचायत का सदस्य है। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उन्हें रविवार को मोथाबाड़ी थाना में ले जाकर पूछताछ की गयी।
हाल ही में मतदाता सूची से नाम हटाने के मुद्दे पर मालदह के मोथाबाड़ी में न्यायाधीशों को बंधक बनाकर उन्हें परेशान करने का मामला सामने आया था। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तक ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। 7 न्यायाधीशों को लगातार 7 से 8 घंटों तक बंधक बनाकर विरोध-प्रदर्शन किया गया था।
चुनाव आयोग के फैसले पर ही इस मामले की जांच की जिम्मेदारी NIA ने ली थी। टीम के सदस्यों ने कई बार घटनास्थल पर घूमकर देखा भी था। NIA की टीम के सदस्य कालियाचक 2 के बीडीओ ऑफिस भी गयी थी जहां सातों न्यायाधीशों को रोक कर रखने का आरोप लगाया गया था।