महान गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके देहांत पर विश्व के महानतम क्रिकेटर्स में शुमार सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने शोक व्यक्त किया है। आशा भोसले को शनिवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका। महान गायिका का अंतिम संस्कार कल सोमवार शाम चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।
सचिन बोले- आशा ताई हमारे परिवार की तरह थीं
आशा भोसले के साथ सचिन तेंदुलकर का गहरा रिश्ता था। 'मास्टर-ब्लास्टर' ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश में बताया कि वह पद्म विभूषण से सम्मानित इस गायिका को उनके गीतों के माध्यम से हमेशा याद रखेंगे। सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, भारत और दुनियाभर के संगीत प्रेमियों के लिए यह एक बेहद दुखद दिन है। हमारे लिए आशा ताई परिवार जैसी थीं।
A deeply sad day for India, and for music lovers across the world.
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) April 12, 2026
For us, Asha Tai was family. Today, words feel too small for the loss we feel. One moment the heart falls silent, and the next, it drifts through the countless melodies she gifted all of us.
It feels as…
सचिन ने आगे लिखा कि आज हमें जो खालीपन महसूस हो रहा है उसके लिए शब्द बहुत कम पड़ रहे हैं। एक पल के लिए दिल खामोश हो जाता है और अगले ही पल यह उन अनगिनत धुनों में खो जाता है जो उन्होंने हम सभी को तोहफे में दीं। ऐसा लगता है मानो समय ही थम गया हो। फिर भी अपने अमर गीतों के माध्यम से वह हमेशा के लिए अमर रहेंगी। धन्यवाद ताई, हमारे जीवन को अपनापन, गरिमा और अविस्मरणीय संगीत से भरने के लिए। हम आपको शब्दों से परे याद करेंगे, आशा ताई।
वहीं, रन-मशीन विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे, आशा भोसले जी। आपकी आवाज ने लाखों लोगों के दिलों को छुआ है और यह हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेगी। ओम शांति।