मेदिनीपुरः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी इस बार राज्य में 160 से 170 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित रोड शो के दौरान मजूमदार ने कहा कि इस बार जनता का रुख पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पक्ष में है। उन्होंने बताया कि पिछली बार पार्टी यहां करीब 2,500 वोटों के मामूली अंतर से हार गई थी, लेकिन इस बार जीत निश्चित है।
सुकांत मजूमदार ने कहा, “राज्य में 200 प्रतिशत भरोसा है कि BJP 160-170 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।”
इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला। अभिषेक द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मजूमदार ने कहा कि ऐसे “छोटे स्तर के बयान” केवल वही दे सकते हैं और यह उनकी हार की हताशा को दिखाता है।
वहीं, अभिषेक बनर्जी ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची से असली वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि “गुजरात के गुंडे बंगालियों को धमका रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें फिर से जोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में मतदान 23 और 29 अप्रैल को होना तय है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। साल 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 213 सीटों के साथ भारी जीत दर्ज की थी, जबकि BJP ने 77 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस बार का मुकाबला और भी अधिक रोमांचक और कड़ा माना जा रहा है।